अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में अलवर जंक्शन पर एक दंपती के जहरीली दवा सेलफॉस का सेवन करने का मामला सामने आया है जिसमें पत्नी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ गांव का 27 वर्षीय शेर सिंह शुक्रवार को अपने घर से कहीं जाने लगा तो उसकी पत्नी निकिता ने उससे पूछा कि वह कहां जा रहा है। इस पर शेर सिंह ने गुस्से में कहा कि वह मरने जा रहा है। निकिता ने भी साथ चलने की बात कही। इसके बाद दोनों अलवर रेलवे स्टेशन पहुंच गये। वहां शेर सिंह कथित रूप से सेलफॉस की दो गोलियां लेकर आया और एक गोली निकिता को और दूसरी स्वयं खा ली।
सूत्रों ने बताया कि जहर खाने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। शेर सिंह ने मेहंदी बाग निवासी अपने रिश्तेदार शिवराम को फोन करके घटना की जानकारी दी। शिवराम दोनों को तत्काल सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचा, जहां उपचार शुरू किया गया। निकिता की आज सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि शेर सिंह का आईसीयू में इलाज जारी है।



