अजमेर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भारत विकास परिषद् महाराणा प्रताप शाखा अजमेर, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन अजमेर इकाई, मणिपुंज सेवा संस्थान तथा मोंटूस वर्कआउट योगा स्टूडियो के संयुक्त तत्वावधान में मणिपुंज सेवा संस्थान बीके कौल नगर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
शाखा सचिव दीपक चोपड़ा ने बताया कि योग प्रशिक्षक मोंटू कर्णावत एवं उनकी टीम ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन करते हुए नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योग से शरीर लचीला एवं स्वस्थ बनता है तथा मानसिक तनाव दूर होकर मन प्रसन्न रहता है। टीम द्वारा कई प्रकार के आसनों का अभ्यास करवाया गया।
योगाचार्य प्रेमसुख सुराणा ने योग के माध्यम से हंसने की कला का प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिभागियों को खुलकर हंसाया तथा तालियों के साथ हंसी योग का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि हंसी भी स्वास्थ्यवर्धक योग की एक प्रभावी विधा है। काकरोली से पधारे योगाचार्य राधेश्याम शर्मा ने सिरदर्द, घुटनों के दर्द, कमर दर्द, पिंडलियों की समस्या एवं पैरों की सूजन जैसी परेशानियों को योग के माध्यम से दूर करने के सरल उपाय बताए।
कार्यक्रम में अजमेर की वरिष्ठ नागरिक एवं प्रसिद्ध बांसुरी वादक सरोज गर्ग ने अपनी मधुर बांसुरी वादन से सभी का मन मोह लिया। लगभग 85 वर्ष की आयु में उन्होंने फिल्मी गीत “मेरे नैना सावन भादो” की मनमोहक धुन प्रस्तुत कर उपस्थित जनों की खूब सराहना प्राप्त की।
इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान नीरज कोठारी, उमेश गर्ग, के.के. अग्रवाल, राकेश अजमेरा, मुकेश अग्रवाल, सुरेश राठी एवं मुकेश कर्णावत सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मोहन खंडेलवाल ने योग दिवस पर आधारित प्रेरणादायक कविता का पाठ कर वातावरण को और अधिक ऊर्जावान बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।



