विश्व योग दिवस पर हार्टफुलनेस के योग-ध्यान कार्यक्रमों में उमड़ा जनसैलाब

0

वरुण सागर सहित 12 स्थानों पर एक हजार से अधिक लोगों ने किया योग
अजमेर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्रीरामचंद्र मिशन हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा अजमेर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर योग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरुण सागर सहित शहर के 12 प्रमुख स्थलों पर आयोजित योग सत्रों में एक हजार से अधिक नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं सुरक्षा बलों के जवानों ने भाग लेकर योग एवं ध्यान का लाभ उठाया।

मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम वरुण सागर पर आयोजित हुआ, जहां योग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संबोधन का लाइव प्रसारण देखा गया। इसके पश्चात योग, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग की उपयोगिता से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तीर्थ महानिदेशक मेघना चौधरी द्वारा महर्षि पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर नगर निगम की ओर से बबीता सिंह ने स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के संबंध में जानकारी देते हुए नागरिकों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया। नगर निगम के उपयुक्त श्रवण सिंह एवं तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हार्टफुलनेस संस्थान के डॉ. विकास सक्सेना ने प्रतिभागियों को ध्यान का व्यावहारिक अनुभव कराया, जबकि नितेन्द्र उपाध्याय ने योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राइटर माइंड के बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रदर्शन रहा, जिसमें बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन कर दर्शकों को आश्चर्यचकित किया। इस प्रस्तुति का प्रशिक्षण श्रीमती नेहा कपूर द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम में सीआरपीएफ जीसी-2 के लगभग 200 जवानों ने एएसआई रामप्रसाद मीणा के नेतृत्व में सहभागिता की। इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयुर्वेद विभाग के डॉ. धीरज उपाध्याय एवं डॉ. मनोज कुमार महावर की विशेष उपस्थिति रही।

हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर भी योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। इनमें आनासागर बारादरी, भारतीय खान ब्यूरो, सावित्री कॉलेज, टीटी कॉलेज, रेल उद्यान, इंजीनियर्स इंस्टीट्यूशन पंचशील, अजमेर छावनी परिषद पलटन बाजार, धोला भाटा, शास्त्री नगर विस्तार तथा पुष्कर कोर्ट परिसर सहित अनेक स्थान शामिल रहे। इन कार्यक्रमों में संस्थान के प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने योग, प्राणायाम एवं हार्टफुलनेस ध्यान की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक गिरीश गुप्ता एवं केंद्र समन्वयक मेघना ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मनीष सक्सेना ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में इंजीनियर मनीष पारीक, अंकुर तिलक गहलोत, भगवान सहाय शर्मा, मनीष गहलोत, दीपक छीपा, सुरेश रमणी सहित अनेक स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।