जैसलमेर में पटवारी एवं उसका दलाल 50000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

जैसलमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को जैसलमेर जिले में पटवार हल्का अजासर के पटवारी लखवीर यादव एवं उनका दलाल जेटू सिंह को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी जैसलमेर को शिकायत मिली थी कि परिवादी के पिता के खेत की पुनः तरमीन कर राजस्व रिकार्ड में इन्द्राज करने एवं पैमाइश की मौका रिपोर्ट देने के लिए श्री यादव द्वारा अपने साथ काम करने वाले निजी व्यक्ति जेटू सिंह के मार्फत 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर परेशान किया जा रहा है।

इस पर ब्यूरो टीम ने ट्रैप कार्यवाही करते हुए यादव एवं उनके दलाल को परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। जेटू सिंह से रिश्वत के 50 हजार रुपए बरामद किए गए।

अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा।