भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा में बहुचर्चित कोटड़ी भट्टी कांड में युवती से सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या के मामले में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू द्वारा तत्कालीन पटवारी हरदेव लाल बैरवा को बर्खास्त किये जाने के आदेश पर नया मोड़ आ गया है। अजमेर के संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह ने इस मामले की फाइल तलब की है और वह अब इसकी समीक्षा करेंगे।
राजस्थान पटवार संघ भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष बलवीर चौधरी, कानूनगो संघ प्रतिनिधि सौमित्र दाधीच, पटवारी भंवर सिंह, महावीर धाकड़ और बर्खास्त पटवारी हरदेव लाल बैरवा सहित अजमेर, ब्यावर एवं नागौर पटवार संघ के जिलाध्यक्षों ने गुरुवार को अजमेर में संभागीय आयुक्त से मुलाकात करके संधू के बर्खास्तगी आदेश पर गहरी नाराजगी जताई।
पीड़ित पटवारी बैरवा ने आदेश के खिलाफ याचिका पेश करके बर्खास्तगी निरस्त करके दोषमुक्त करते हुए राजकीय सेवा में बहाल करने का आग्रह किया है। संभागीय आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की पूरी बात सुनने के बाद संधू से मामले की फाइल मांग ली है। उल्लेखनीय है कि पटवारी की बर्खास्तगी के विरोध में पटवारी और कानूनगो काली पट्टी बांधकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
उधर, आंदोलन के दबाव के चलते संधू ने अन्य मामलों में निलंबित भू-अभिलेख निरीक्षक लालाराम कुमावत और पटवारी लादूलाल रैगर (जिन्हें 11 जून 2026 को बहाल किया गया था) को पोस्टिंग भी दे दी है।



