भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा में स्थानीय महात्मा गांधी चिकित्सालय की मातृ एवं शिशु इकाई के पालना गृह में गुरुवार शाम एक नवजात शिशु को अज्ञात व्यक्ति छोड़ गया।
पालना गृह का सायरन बजते ही भीलवाड़ा अस्पताल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण में लेकर एनआईसीयू वार्ड मे भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार नवजात शिशु का वजन एक किलो 870 ग्राम है। प्राथमिक उपचार के बाद वर्तमान में उसकी स्थिति स्थिर है।
सूचना मिलने पर बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले का संज्ञान लिया। चूंकि नवजात शिशु सावन में पहले दिन भगवान भोलेनाथ के दिन पालने में आया है, इसलिए बाल कल्याण समिति ने शिशु के सर्वोत्तम हित एवं मंगल कामना को ध्यान में रखे हुए उसका काल्पनिक नाम रूद्र रखा।
नवजात की सुरक्षा एवं बेहतर देखभाल के लिए समिति ने भीलवाड़ा के जिला पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर एनआईसीयू वार्ड में महिला पुलिस गार्ड को तैनात कराया। बेहतर उपचार के लिए चिकित्सा अधीक्षक को पत्र लिखा गया है। नवजात शिशु को उपचार के पश्चात पूर्ण स्वस्थ होने पर राजकीय शिशु गृह पालड़ी में ले जाया जाएगा।



