भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के आमली गांव में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि अपनी साली पर बुरी नजर रखने वाले जीजा ने कथित तौर पर उसके विरोध करने पर गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देकर छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला।
पुलिस के अनुसार शाहपुरा के बिलिया गांव निवासी पप्पू नाथ कालबेलिया की पुत्री रेखा आमली गांव में अपने मामा की लड़की और उसके पति किशन नाथ के पास रहकर मजदूरी करती थी। आरोप है कि 30 जुलाई की शाम करीब सात बजे रेखा ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि उसका जीजा किशन नाथ उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहा है।
आरोप है कि उसी रात किशन नाथ ने रेखा पर दोनाली बंदूक से फायर कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद परिजनों को गुमराह करने के लिए रात करीब 11 बजे दिनेश नाथ ने रेखा के पिता को फोन कर बताया कि उसकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। दिल्ली में मजदूरी कर रहे पिता जब 31 जुलाई की शाम आमली गांव पहुंचे तो घर के अंदर खून से सना फर्श और रेखा का शव देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी किशन नाथ, उसकी पत्नी सीता नाथ, दिनेश नाथ और दिनेश की पत्नी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। मुख्य आरोपी किशन नाथ को गिरफ्तार करके हत्या में प्रयुक्त दोनाली बंदूक भी जब्त कर ली गई है। राजकीय चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल
भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र में मालासेरी-बंक्यारानी मार्ग पर शनिवार को एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि माताजी खेड़ा के पास रैंपनुमा स्थान पर एक तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा भेजा गया जहां इलाज के दौरान पुखराज गुर्जर (40) ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही आसींद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।



