स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर स्केट्स पर निकली तिरंगा रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा अजमेर

0

अजमेर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारत विकास परिषद मुख्य शाखा अजमेर एवं वेलोसिटी माइंड क्लब अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार शाम ‘तिरंगा रैली ऑन स्केट्स’ का आयोजन किया गया। रिजनल कॉलेज चौपाटी स्थित आई लव अजमेर से निकली रैली में 4 से 15 वर्ष तक के 200 से अधिक बच्चों ने स्केट्स पर हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

परिषद संरक्षक सुरेश गोयल ने बताया कि रैली में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच बच्चे स्केटिंग करते हुए आगे बढ़े और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

कार्यक्रम के संयोजक अनुपम गोयल ने बताया कि मुख्य अतिथि समाजसेवी विष्णु चौधरी, हनुमान दयाल बंसल एवं अशोक पसारी रहे। अतिथियों ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों ने तिरंगा दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली रिजनल कॉलेज चौपाटी ‘आई लव अजमेर’ से रवाना होकर भगवान परशुराम मंदिर पहुंची और वहां से वापस रिजनल कॉलेज चौपाटी पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम संयोजक कमलेश जैन ने बताया कि अजमेर शहर के विभिन्न स्कूलों एवं स्केटिंग संस्थाओं के बच्चों ने अपने कोच के साथ रैली में भाग लिया।

शाखा सचिव लक्ष्मी नारायण बंसल ने बताया कि रैली के दौरान बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। बच्चों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम संयोजक रचना गोयल ने बताया कि रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शाखा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मित्तल ने अतिथियों, सहयोगियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राजकुमार गोयल, दिलीप पारीक, अशोक टांक, प्रवीण अग्रवाल, कमल चारण, पंकज कुमावत, मयंक अरोड़ा, प्रिंस टांक, गुंजन सोरवाल, विवेका शर्मा, नलीन गोयल एवं चंद्रभान प्रजापति सहित अन्य का सहयोग रहा।