स्केट्स कांवड़ यात्रा में दिखा संस्कृति, संस्कार, भक्ति और खेल का अद्भुत संगम

6

अजमेर। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा अजमेर एवं वेलोसिटी माइंड क्लब अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को तृतीय स्केट्स कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। रीजनल चौपाटी से शुरू हुई इस अनूठी यात्रा में संस्कृति, संस्कार, भक्ति और खेल का अद्भुत संगम देखने को मिला। 200 से अधिक बच्चों ने स्केट्स पर सवार होकर कांवड़ एवं तिरंगे झंडे हाथों में लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी दीपचंद श्रीया, विशिष्ट अतिथि डॉ. कुलदीप शर्मा, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक पंसारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर संचालक खाजूलाल चौहान, शहर समन्वयक भारत भूषण एवं अनिल आडवाणी रहे। अतिथियों एवं स्केट्स क्लब के कोच का परिषद परिवार की ओर से उपरणा पहनाकर स्वागत किया गया। अतिथियों ने भगवा ध्वज फहराकर कांवड़ यात्रा को रवाना किया।

कांवड़ यात्रा संयोजक अनुपम गोयल ने बताया कि अजमेर में स्केट्स कांवड़ यात्रा का आयोजन पहली बार किया गया था और यह इसकी तीसरी यात्रा है। इसका उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ खेल के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है।

संयोजक अशोक टांक ने बताया कि बच्चों ने पुष्कर से जल भरकर कांवड़ में लाए, जिसका पुरानी चौपाटी स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। यात्रा के दौरान बच्चों ने भगवान शिव के जयकारे लगाए और पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़े।

संयोजक कमलेश जैन ने बताया कि यात्रा रीजनल चौपाटी से प्रारंभ होकर पुरानी चौपाटी स्थित शिव मंदिर तक पहुंची। यात्रा में भगवान शिव की चलित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शाखा अध्यक्ष रमेश चंद जाजू ने बताया कि झांकी ने कांवड़ यात्रियों का उत्साह दोगुना कर दिया। कार्यक्रम में शाखा सचिव लक्ष्मी नारायण बंसल, कोषाध्यक्ष जीतमल चौहान सहित परिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।