नागौर में ATM लूटने घुसे दो बदमाश बूथ में ही फंसे, ब्रांच मैनेजर ने बाहर से शटर बंद कर बुला ली पुलिस

0

नागौर। राजस्थान के नागौर जिले के मारवाड़ मूंडवा में यूको बैंक के एटीएम को लूटने की कोशिश नाकाम हो गई। आधी रात को एटीएम बूथ में घुसे दो युवक ई-सर्विलांस सिस्टम का सायरन बजते ही फंस गए। बैंक की महिला ब्रांच मैनेजर सरिता चौधरी ने पति के साथ मौके पर पहुंचकर सूझबूझ दिखाई और एटीएम बूथ का शटर बाहर से बंद कर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 2 बजकर 13 मिनट की है। दो युवक नागौर रोड स्थित यूको बैंक के एटीएम बूथ पर पहुंचे और कथित तौर पर लूट के इरादे से अंदर घुस गए। एटीएम में लगे ई-सर्विलांस सिस्टम ने संदिग्ध गतिविधि का पता चलते ही अलार्म सक्रिय कर दिया।

बैंक की शाखा प्रबंधक सरिता चौधरी बैंक परिसर के ऊपर बने क्वार्टर में परिवार के साथ रहती हैं। सायरन की आवाज सुनकर वह जाग गईं और तत्काल अपने पति के साथ नीचे एटीएम बूथ पर पहुंचीं। वहां दो युवकों को अंदर देखकर उन्होंने जोखिम उठाने के बजाय बाहर से शटर बंद कर दिया, जिससे दोनों बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मारवाड़ मूंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एटीएम बूथ खुलवाकर अंदर मौजूद दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले सामान भी मिलने की बात सामने आई है।

थाना प्रभारी पूरबाराम के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुंडू निवासी भरत प्रजापत और बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि भरत प्रजापत मूंडवा क्षेत्र में चाय का ढाबा चलाता है, जबकि कोमल उसकी दुकान पर काम करता है।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी वारदात के लिए कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल लेकर एटीएम तक पहुंचे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात की योजना कब और कैसे बनाई गई तथा इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय एटीएम में करीब 16 लाख 900 रुपए की नकदी मौजूद थी। ई-सर्विलांस सिस्टम के समय पर सक्रिय होने और शाखा प्रबंधक की तत्परता के कारण नकदी सुरक्षित बच गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।