नागौर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में हुए भारतीय सेनाओं के आधुनिकीकरण से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को रक्षा क्षेत्र में नई गति मिली है।
शर्मा आज नागौर जिले के मेड़ता में श्री राव दूदाजी के मूर्ति अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान को पस्त कर सबक सिखाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वीर शिरोमणि श्री राव दूदाजी ने प्रदेश और समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने आह्वान किया कि इन वीरों से प्रेरणा लेकर राजस्थान की इस महान विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्मिता और मातृभूमि की रक्षा के लिए राजस्थान के वीर किसी भी बलिदान से पीछे नहीं हटते हैं। राव दूदाजी ने वीरता-स्वाभिमान की ऐसी परम्परा स्थापित की है, जिसने पूरे राजस्थान को विश्वभर में गौरवान्वित किया है। साथ ही उन्हीं के वंश में मीरा बाई जैसी कृष्ण भक्त भी हुईं। मीरा की वाणी कालजयी हैं। सदियों बाद भी उनकी वाणी भक्ति और मानवता का सन्देश दे रही है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा प्रदेश की गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए महापुरूषों का प्रदेशभर में पेनोरमा बनवाया जा रहा है। श्री महावीर जी पेनोरमा-करौली, श्री विद्यासागर महाराजा-अजमेर, भक्त शिरोमणि करमा बाई-डीडवाना, श्री जसनाथ-बीकानेर, श्री खेमा बाबा-बालोतरा, श्री भामाशाह-चित्तौड़गढ़, श्री राव चंद्रसेन-जोधपुर का निर्माण कराया जा रहा है वहीं बांदीकुई में संत दुर्बलनाथ का पेनोरमा, सिवाना में वीर दुर्गादास तथा सलूंबर में हाड़ी रानी और अजमेर में महर्षि दयानन्द सरस्वती पेनोरमा का निर्माण भी किया जाएगा। साथ ही, खरनाल-नागौर में वीर तेजाजी पेनोरमा का विकास कार्य भी कराया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा प्रदेश में कृषि, बिजली, पानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना एवं गंगनहर के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ माही, देवास, सोम-कमला-अम्बा आदि परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही 24 जिलों में किसानों को अब दिन में भी बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के लिए युवा नीति लेकर आई है तथा युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से जयपुर में 23 से 25 मई 2026 को ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में ग्राम विकास रथों के माध्यम से भी इसके बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने किसानों को कृषि प्रसंस्करण और नवीनतम तकनीकों की जानकारी तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए इस आयोजन में भाग लेने का आह्वान किया।



