नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दिल्ली में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता ‘भूत’ का रूप धारण कर चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध जताते नजर आए।
युवा कांग्रेस के प्रवक्ता वरुण पांडेय के अनुसार, कार्यकर्ता युवा कांग्रेस कार्यालय से चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
चिब ने कहा कि ‘भूत’ का रूप धारण कर प्रदर्शन करना एक प्रतीकात्मक संदेश है। उनके मुताबिक, लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संस्थाओं में शामिल चुनाव आयोग को लेकर लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं, इसलिए मुख्य चुनाव आयुक्त को सामने आकर इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग किसी सरकार या राजनीतिक दल की निजी संस्था नहीं है, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर उठने वाले सवालों पर जवाबदेही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर युवाओं और आम नागरिकों के मन में यदि सवाल हैं तो उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। युवा कांग्रेस ने संकेत दिया कि वह इस मुद्दे को लेकर आगे भी प्रदर्शन जारी रखेगी और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस की बैरिकेडिंग के चलते कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक विरोध की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।



