अजमेर में सीनियर सिटीजन सोसायटी की बैठक, पुष्कर प्रांतीय सम्मेलन की तैयारियों पर मंथन

0

अजमेर। शास्त्री नगर स्थित सामुदायिक भवन में बुधवार को सीनियर सिटीजन सोसायटी के केंद्रीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता किशन गोपाल वैष्णव ने की। इसमें आगामी मार्च में पुष्कर में प्रस्तावित प्रांतीय सम्मेलन की तैयारियों, व्यवस्थाओं और आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

मीडिया प्रभारी डॉ. एसडी मिश्रा ने बताया कि महासचिव सुभाष दत्त शर्मा ने सम्मेलन की प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी पदाधिकारियों के सामने रखी। बैठक में तय किया गया कि सम्मेलन को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के साथ उसे व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए पहले से तैयारियां पूरी की जाएंगी।

पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सम्मेलन के लिए एक हजार प्रतिभागियों के पंजीयन की सीमा रखी जाएगी। एक हजार रजिस्ट्रेशन पूरे होने के बाद नए पंजीयन नहीं किए जाएंगे। इसके पीछे उद्देश्य सम्मेलन में शामिल होने वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवास, भोजन, बैठक और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से सुनिश्चित करना है। सम्मेलन की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों ने सुझाव भी दिए।

महासचिव सुभाष दत्त शर्मा ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के लिए सबसे पहले संगठन के सदस्यों को स्वयं सहयोग की पहल करनी चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि अपने स्तर पर सहयोग की शुरुआत करने के बाद भामाशाहों और सहयोगियों से संपर्क किया जाए। उनके आह्वान पर बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।

बैठक में अध्यक्ष केजी वैष्णव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चूंडावत, महासचिव सुभाष दत्त शर्मा, सचिव प्रशासन डॉ. मुकेश माथुर, सचिव वित्त अमर चंद गुप्ता, सचिव विकास रामेश्वर सिंह सिसोदिया, कमल शर्मा, महिला सदस्य हेमलता कश्यप व कृष्णा जैन तथा मीडिया प्रभारी डॉ. एसडी मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य कमल किशोर शर्मा का जन्मदिन भी मनाया गया। पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी बैठक में सम्मेलन में आने वाले अतिथियों की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया जाएगा।