जोधपुर में RSS के ‘मरु निनाद 2026’ घोष शिविर का समापन

0

मोहन भागवत बोले- संस्कारित समाज से बनेगा महान राष्ट्र
जोधपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के चार दिवसीय प्रांत घोष शिविर ‘मरु निनाद 2026’ का सोमवार को जोधपुर के लूणी स्थित शिकारपुरा के श्री राजाराम आश्रम परिसर में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने संस्कार, अनुशासन, सामाजिक एकता और भारतीय संगीत परंपरा के महत्व पर विचार रखे। शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त हजारों स्वयंसेवक घोषवादकों ने सामूहिक वादन की प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया।

मोहन भागवत ने कहा कि संस्कारित समाज से ही महान राष्ट्र का निर्माण संभव है। नशे से दूर रहने वाला और दूसरों के सुख-दुख में काम आने वाला व्यक्ति समाज को जोड़ने का कार्य करता है। संघ का मानना है कि संस्कारवान व्यक्ति ही देश के लिए निस्वार्थ भाव से योगदान दे सकता है।

उन्होंने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन या महफिलों तक सीमित नहीं है, बल्कि युद्धभूमि और रणक्षेत्र में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भारत में रण संगीत की प्राचीन परंपरा रही है। संगीत मनुष्य के भीतर स्वाभिमान और सामूहिक चेतना का भाव जगाता है। देश की अपनी रण संगीत परंपरा को भी आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

घोष वादन के पीछे छिपा है अनुशासन और सामूहिकता का भाव

सरसंघचालक ने कहा कि अभी प्रस्तुत घोष वादन के पीछे केवल संगीत की कला नहीं, बल्कि संस्कार और अनुशासन की साधना भी है। घोष वादन में व्यक्तिगत प्रदर्शन के बजाय सभी वादक मिलकर प्रस्तुति देते हैं। सामूहिक वादन के दौरान स्वयंसेवकों के मन और भाव एक-दूसरे से जुड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि एक स्थान पर एकत्रित होकर साथ रहना और मिलकर श्रेष्ठ कार्य करना संघ की कार्यपद्धति का हिस्सा है। भारतीय संगीत में जीवन पद्धति, संस्कार और जीवन मूल्यों का समावेश है। सुंदर गीत और संगीत के माध्यम से वातावरण का निर्माण होता है तथा लोगों के भीतर विशेष भावनाएं जागृत होती हैं।

सामूहिक वादन से विकसित होती है एकता की भावना

डॉ. भागवत ने कहा कि संघ के संगीतकार पेशेवर कलाकार नहीं हैं, बल्कि स्वयंसेवक हैं। उनके लिए संगीत केवल कला का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय जीवन पद्धति, संस्कार और मूल्यों की अभिव्यक्ति है। सामूहिक घोष वादन में सभी वादक एक साथ तालमेल बनाकर प्रस्तुति देते हैं। इससे आपसी समन्वय और एकजुटता का भाव विकसित होता है।

उन्होंने भारतीय परंपरा में शंख और अन्य वाद्य यंत्रों के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवद्गीता में भी युद्ध के अवसर पर शंखनाद का वर्णन मिलता है। संघ के घोष संगीत ने समय के साथ अपनी अलग पहचान बनाई है और भारतीय संगीत परंपरा में रण संगीत की भूमिका को भी सामने रखा है।

5000 से अधिक स्वयंसेवकों ने लिया शिविर में प्रशिक्षण

चार दिवसीय ‘मरु निनाद 2026’ शिविर 12 से 15 नवंबर तक आयोजित किया गया। इसमें पश्चिमी राजस्थान के 21 जिलों से करीब पांच हजार स्वयंसेवकों ने भाग लिया। शिविर में घोष वादन के प्रशिक्षण के साथ पारंपरिक वाद्य यंत्रों और संगीत से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

समापन समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षित स्वयंसेवकों ने अलग-अलग समूहों में घोष वादन की प्रस्तुतियां दीं। सामूहिक वादन में स्वयंसेवकों के अनुशासन, तालमेल और अभ्यास का प्रदर्शन देखने को मिला।जोधपुर के प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया।

अतिथियों ने घोष वादकों के प्रदर्शन की सराहना की

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महेशाराम मेघवाल ने लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। वहीं मेजर जनरल अर्जुन सिंह राठौड़ ने घोष वादकों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि स्वयंसेवकों के निस्वार्थ भाव से किए गए सामूहिक वादन ने वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने इस प्रस्तुति को पूरी तरह प्रशिक्षित सैन्य टुकड़ी के घोष वादन जैसा बताया। समारोह के अंत में डॉ. मोहन भागवत ने उपस्थित लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और चार दिवसीय घोष शिविर के समापन की घोषणा की।

संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

समारोह में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद्र, अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुख जगदीश चंद्र, सह व्यवस्था प्रमुख अनिल ओक, सीमा जागरण के संयोजक मुरलीधर, सह संयोजक निंब सिंह, लघु उद्योग भारती के संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र, सक्षम के राष्ट्रीय सचिव चंद्रशेखर और पर्यावरण गतिविधि के गोपाल आर्य सहित संघ के क्षेत्र एवं प्रांत स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।