भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक कार से 45 किलो 460 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस को देखकर चालक ने कार भगाने का प्रयास किया और खेतों के कच्चे रास्तों से निकलने की कोशिश की। आगे रास्ता बंद मिलने पर वह कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम गंगापुर क्षेत्र में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक कार को खेतों के कच्चे रास्तों की ओर ले गया। पुलिस से बचने के लिए उसने कई रास्तों से निकलने का प्रयास किया, लेकिन आगे रास्ता बंद होने के कारण उसे कार छोड़नी पड़ी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लावारिस हालत में खड़ी कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में छिपाकर रखा गया 45 किलो 460 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया।
पुलिस अब फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा चूरा कहां से लाया जा रहा था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।



