आम आदमी पार्टी, एंटी औरत पार्टी बन चुकी है : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी द्वारा अपनी ही पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल का चरित्र हनन किए जाने पर शनिवार को तीखा हमला किया और कहा कि इस पार्टी में नेताओं का अभद्रता करने का लंबा इतिहास है और आम आदमी पार्टी अब एंटी औरत पार्टी बन चुकी है।

भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आज यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आप की नेता आतिशी मर्लेना द्वारा पीड़िता मालीवाल का चरित्र हनन करने की आलोचना की और इस मामले में आप संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित इंडिया समूह के नेताओं की चुप्पी साधने पर जमकर प्रहार किया।

पूनावाला ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास पर एक महिला सांसद के साथ इतनी भयानक घटना घटती है और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अबतक कुछ बोल नहीं पाए। जबकि इस मामले का आरोपी बिभव कुमार उनके साथ लखनऊ एयरपोर्ट पर भ्रमण करते नजर आए। दिल्ली पुलिस आरोपी को मुख्यमंत्री आवास से पकड़ कर ले जाती है, सवाल उठता है कि एक महिला सांसद से दुर्व्यवहार करने वाला आरोपी केजरीवाल के आवास पर क्यों था?

उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने 14 मई को बयान दिया था कि कल एक बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। स्वाति मालीवाल, केजरीवाल जी के घर गई थीं और उनके ड्रॉइंग रूम में प्रतीक्षा कर रही थीं, लेकिन बिभव कुमार ने उनके साथ मारपीट और अभद्रता की, मुख्यमंत्री केजरीवाल ने मामले का संज्ञान लिया है और वह इस पर कार्रवाई करेंगे। यह बहुत शर्मनाक घटना है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सिंह द्वारा घटना को स्वीकार करने के बावजूद अगले दिन शर्मसार करने वाली तस्वीर आयी कि बिभव कुमार केजरीवाल के साथ थे और आप कार्यकर्ताओं ने मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता की। मर्लेना अपने मंत्रीपद को बचाने के लिए संवाददाता सम्मेलन करते हुए आज कहती हैं, एक और वीडियो क्लिप सामने आई है जिसमें स्वाति मालीवाल जी लंगड़ा नहीं रही हैं और उनके कपड़े फटे हुए नहीं हैं। वह रो नहीं रही हैं बल्कि गुस्से से चिल्ला रही हैं।

उन्होंने कहा कि आप कहना है कि यदि किसी पीड़िता के साथ दुष्कर्म, मारपीट या छेड़छाड़ हुई है और वह महिला रोन-धोना नहीं कर रही हैं, लहूलुहान नहीं हो, कपड़े फटे नहीं हों, तो इसका मतलब है कि उस महिला के साथ कुछ हुआ नहीं है? एक पीड़िता के विषय में इस तरह की बातें करना विक्टिम ब्लेमिंग और विक्टिम शेमिंग करना है। इस तरह के तर्क आम आदमी पार्टी अपने प्रेस वार्ता में दिया है, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

पूनावाला ने सिंह की प्रेस वार्ता की वीडियो पेश करते हुए कई सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि 72 घंटे में सर्लेना को यू टर्न क्यों लेना पड़ा। क्या आप सासंद संजय सिंह झूठ बोल रहे थे। आतिशी का कहना है कि संजय सिंह को एक ही पक्ष की जानकारी है अर्थात क्या संजय सिंह एक ही पक्ष की बात सुनकर प्रेस वार्ता कर रहे थे। आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस पूरे मामले पर चुप क्यों है। एक घंटे के घटनाक्रम में से 20-20 सेकंड के वीडियो जारी करके आम आदमी पार्टी क्या नैरेटिव बनाना चाहती है। अगर स्वाति मालीवाल झूठी, गद्दार और भ्रष्टाचारी थीं, तो क्यों आम आदमी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा का टिकट दिया था।

पूनावाला ने कहा कि हालांकि छोटे क्लिप लेकर नैरेटिव बनाने का काम आप पहले से करती आई है। इस पार्टी को पूरा सीसीटीवी फुटेज जारी करना चाहिए, क्योंकि स्वयं मालीवाल ने सीसीटीवी फुटेज के साथ छेड़खानी की आशंका जताई है। मालीवाल ने कहा है कि पॉलिटिकल हिटमैन अपने आप को बचाने के लिए छोटे-छोटे वीडियो जारी कर रहा है ताकि पीड़ित पर दोष मढ़ दिया जाए।

भाजपा प्रवक्ता ने केजरीवाल और इंडिया समूह के नेताओं से सवाल पूछे कि मर्लेना द्वारा किए गए इस शर्मनाक विक्टिम शेमिंग और विक्टिम ब्लेमिंग पर इंडिया समूह के नेता चुप क्यों हैं। लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका वाड्रा आज इस विक्टिम शेमिंग पर चुप क्यों हैं। स्वयं के साथ अभद्रता होने पर कांग्रेस छोड़ने वाली शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी इस मामले पर चुप क्यों है।

उन्होंने पूछा कि महिला सम्मान के लिए कहीं भी पहुंच जाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले पर अब तक कोई बयान क्यों नहीं दिया है। क्या गांधी को विक्टिम शेमिंग स्वीकार्य है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस यह बताए कि यह आंतरिक मामला है या अधीर रंजन चौधरी जी जो कह रहे हैं, क्या वो सही है। अधीर रंजन चौधरी ने प्रियंका गांधी को नकारते हुए कहा है कि यह आंतरिक मामला नहीं है। एक महिला राज्यसभा सांसद का मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री के सहयोगी के द्वारा पीटा जाना आंतरिक मामला नहीं हो सकता है। अधीर रंजन चौधरी ने जो कहा है उसके बाद केजरीवाल ने अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी, क्या चौधरी को भी भाजपा का एजेंट घोषित कर दिया जाएगा।

पूनावाला ने कहा कि पीड़ित, आरोपी, स्थान और गवाह सभी आम आदमी पार्टी से हैं लेकिन नाम किसी और का लिया जा रहा है। यही आम आदमी पार्टी की एक आदत बन चुकी है। भाजपा का इस मामले में न कोई लेना-देना है, फिर भी बेवजह आम आदमी पार्टी भाजपा को गाली दे रही है।

भाजपा प्रवक्ता पूनावाला ने कहा कि भ्रष्टाचार से दुराचार और फिर दुष्प्रचार, यही बन चुका है आम आदमी पार्टी का हमेशा का विचार और शिष्टाचार। द्रौपदी के चीरहरण के बारे में सब जानते हैं लेकिन आज द्रौपदी के साथ न केवल चीरहरण हुआ है, बल्कि उनका चरित्र हनन भी किया गया है। इस आधुनिक काल के चीरहरण के दुशासन भी है जिसे आज गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा दुर्योधन और धृतराष्ट्र भी हैं जो कई दिनों इस प्रकरण को आंतरिक मामला बताकर इस पर पर्दा डालने का भरसक प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 13 मई की सुबह नौ बजे राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ आम आदमी पार्टी के मुखिया के घर दुर्व्यवहार की घटना घटी और आज 18 मई तक पहले 72 घंटों के चुप्पी साधी गई, फिर संजय सिंह ने मामले को थोड़ी सी स्वीकार्यता दी और फिर उसके बाद मामले में बचाव किया गया। इस घटनाक्रम में आम आदमी पार्टी द्वारा पहले चुप्पी, फिर स्वीकारोक्ति और आरोपी का खुला बचाव किया गया और अब किया जा रहा है – घृणित अपराध।

इस आधुनिक काल के दुर्योधन यानी अरविंद केजरीवाल, इस चीरहरण को अंजाम देने वाले दुशासन यानी बिभव कुमार के साथ लखनऊ एयरपोर्ट पर देखे गए। प्राथमिकी में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि महिला सांसद के साथ अभद्रता और मारपीट की गई है और आज सामने आई मेडिकल रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि की गई है। स्वाति मालीवाल ने धारा 164 के तहत अपना बयान दर्ज करवाया है जो मामले की गंभीरता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री केजरीवाल इस मामले में अबतक चुप्पी सधे हुए हैं और लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में केजरीवाल से जब मीडिया स्वाती मालीवाल के सम्बन्ध में प्रश्न पूछा, तो केजरीवाल अपने माइक को सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर घुमा दिया।

पूनावाला ने आप की कार्यकर्ता एवं दिल्ली महिला आयोग की सदस्या वंदना सिंह के सोशल मीडिया एक्स पर जारी पोस्ट को पढ़ते हुए कहा कि स्वयं वंदना सिंह आम आदमी पार्टी से सवाल किया है कि क्या भाजपा 20 वर्ष पहले से ही सब जानती थी, इसीलिए उन्होंने स्वाति मालीवाल को परिवर्तन एनजीओ में लगवा दिया था। वंदना सिंह ने एडिटेड वीडियो जारी करने पर भी आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लिया है और किसी की हत्या तक की आशंका जताई है।

यही प्रश्न स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जय हिंद ने भी उठाया है। आज आप आपराधिक रिकॉर्ड वाले बिभव कुमार के साथ खड़ी है। केजरीवाल की चुप्पी स्पष्ट कर रही है कि बिभव कुमार केवल एक मोहरा है, लेकिन इस प्रकरण के मास्टरमाइंड केजरीवाल हैं। एक महिला के मामले में प्रश्न पूछने को लेकर लिए आप ने वंदना सिंह की कमेटी को भंग कर दिया है।

भाजपा प्रवक्ता ने मर्लेना की पुरानी प्रेस वार्ता और आज की प्रेस वार्ता के वीडियो पेश करते हुए कहा कि आप यू टर्न लेती रही है और आज भी यू टर्न लिया है। यह स्पष्ट हो चुका है कि शीश महल अब शोषण महल बन चुका है। आप का महिला शोषण का लंबा इतिहास रहा है। आप की संस्थापक सदस्य मधु भादुड़ी ने कहा था कि आम आदमी पार्टी में महिलाओं के साथ मानवीय व्यवहार नहीं होता।

पूनेवाला ने कहा कि आप ने सोमनाथ भारती को प्रत्याशी बनाया है जबकि सोमनाथ भारती ने 2018 में एक महिला पत्रकार के साथ अभद्रता की थी और अपनी पत्नी को एक कुत्ते से कटवाने का कार्य किया था। आम आदमी पार्टी के नेताओं का अभद्रता करने का लंबा इतिहास है। आज एएपी का मतलब बन चुका है एंटी औरत पार्टी। आज एंटी औरत पार्टी भ्रष्टाचार से दुराचार और दुराचार से दुष्प्रचार पर आ चुकी है।

अपने सभी बड़े नेताओं के साथ कल भाजपा मुख्यालय जाएंगे : केजरीवाल

जांच एजेंसियों के दवाब में स्वाति मालीवाल ने झूठे आरोप लगाए : आप