जयपुर। अधिवक्ता परिषद राजस्थान की जयपुर प्रांत उच्च न्यायालय इकाई ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान किया। इस दौरान परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किसी भव्य आयोजन की बजाय सभी वरिष्ठ अधिवक्ताओं के उनके निजी चैंबर (कार्यालय) में जाकर उन्हें शॉल, श्रीफल भेंटकर आशीर्वाद लिया।
परिषद के प्रांत महामंत्री अभिषेक सिंह ने बताया कि गुरु-शिष्य परंपरा को सार्थक रूप देने के लिए इस बार विनम्रता का संदेश देते हुए वरिष्ठजनों के कार्यस्थल पर जाकर उनका सम्मान करने का निर्णय लिया गया। इस पहल से युवा अधिवक्ताओं को भी प्रेरणा मिली तथा उन्हें वरिष्ठों के निकट संपर्क में आकर मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।
इस दौरान चैंबरों में ही विधिक विषयों पर अनौपचारिक चर्चा भी हुई। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए युवा साथियों को न्याय के क्षेत्र में अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने का मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने वरिष्ठजनों के सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इकाई से नेहा गोयल, धर्मेंद्र गुप्ता, सोनिया शांडिल्य, श्रुति पारीक, वैभव पारीक, नितिन जैन, धर्मेंद्र बराला, आदि उपस्थित रहे।



