अजमेर कांग्रेस ने कहा, राष्ट्रपति रोकें संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग

अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग रोकने की मांग को लेकर क्लेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया।

कांग्रेस नेताओ ने ज्ञापन में बताया कि देश में भाजपा द्वारा लोकतंत्र को विफल करने की व्यवस्थित प्रक्रिया चिंताजनक गति से आगे बढ़ रही है। बीते फरवरी माह में राष्ट्रीय आम चुनाव की पूर्व संध्या पर प्रमुख राष्ट्रीय विपक्षी दल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करने का अवैध प्रयास एक महिने से अधिक समय तक चला है।

एक दिन पहले कांग्रेस पार्टी को आईटी विभाग से 1823.08 करोड़ रूपए का भुगतान करने का नोटिस मिला है। पहले ही आईटी विभाग ने हमारे बैंक खातों से जबरन 135 करोड़ रूपए निकाल लिए है। अब एक स्पष्ट रूप से अवैध और लोकतात्रिंक कार्यवाही में आयकर विभाग ने कांग्रेस के खिलाफ अपना अगला पूर्व निर्धारित अभियान शुरू किया है।

आयकर विभाग ने कांग्रेस के आठ साल के आयकर रिर्टन को आधारहीन तरीके से फिर खोल दिया गया है, जो कि लोकतंत्र के सिद्धांतों पर जबरदस्त प्रहार है। ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग करते हुए कहा कि वे हस्तक्षेप कर देश की ऐसी संवैधानिक संस्थाओं पर अंकुश लगाए, जो कि अपने अधिकारों का दुरूपयोग कर द्वेषतापूर्ण तरीके से सत्ताधारी पार्टी के ईशारे पर अन्य दलों को नाजायज परेशान कर रही हैं। ऐसे क्रियाकलापों से देश की छवि धूमिल हो रही है। लोकतंत्र की हत्या कर अधिकारों का हनन किया जा रहा है।

इससे पूर्व अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष विजय जैन व अजमेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार रामचन्द्र चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने नारेबाजी करते हुए ज्योतिबा फुले सर्किल से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला।

ज्ञापन देने वालों में अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष विजय जैन, अजमेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याक्षी रामचंद्र चौधरी, अजमेर दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ द्रोपदी कोली, प्रदेश कांग्रेस सचिव सुनील लारा, कांग्रेस महासचिव बिपिन बेसिल व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल शामिल थे।