अजमेर। राजस्थान में अजमेर के एक व्यक्ति के खोये पैन कार्ड के माध्यम से खोले गए बैंक खाते में करोड़ों रुपए के लेन-देन के मामले में आयकर विभाग का 598 करोड़ रुपए का नोटिस प्राप्त हुआ है जिससे संबंधित व्यक्ति और उसका परिवार सदमे में है।
रामनगर क्षेत्र निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उसे 1 अप्रैल 2026 को इनकम टैक्स विभाग से नोटिस मिला, जिसमें करोड़ों रुपए के हीरे-जवाहरात के कारोबार से जुड़े ट्रांजेक्शन का हिसाब मांगा गया था।
कपड़े प्रेस करने वाले जितेन्द्र का पैन कार्ड करीब दो साल पहले खो गया था, इस पैन कार्ड का दुरुपयोग करते हुए शत्रुघ्न सिंह नामक युवक ने सूरत में क्यूरा व्यासा बैंक में खाता खोला और तीन महीने में 400 करोड़ रुपए से अधिक का लेन-देन किया।
जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि पाली निवासी एक डायमंड कारोबारी शत्रुघ्न सिंह ने जितेंद्र के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर न सिर्फ बैंक अकाउंट खुलवाया, बल्कि उसी के आधार पर जीएसटी नंबर भी हासिल कर लिया। आरोपी ने सूरत (गुजरात) में मैसर्स मनन इंटरप्राइजेज नाम से फर्म खोलकर हीरे-जवाहरात का कारोबार भी शुरू कर दिया।
आयकर विभाग का 598 करोड़ रुपए का नोटिस मिलने पर जितेन्द्र को पता चला कि उसके पैन कार्ड का दुरुपयोग किया गया है। जितेन्द्र ने अब वकील से संपर्क करके गंज थाने में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है।



