सरकार के आदेश से अजमेर नगर निगम के सफाई कर्मियों को राहत

अजमेर। राजस्थान में भीषण गर्मी एवं लू के मद्देनजर राज्य में सफाई कार्मिकों को एक पारी में कार्य करने संबंधी स्वायत्त शासन विभाग के आदेश से बड़ी राहत मिली है।

अजमेर निगम के आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि उपनिदेशक (प्रशासन) विनोद पुरोहित ने शुक्रवार को अत्यधिक गर्मी एवं लू को देखते हुए सफाई कर्मचारियों का कार्य समय दो पारियों के बजाय एक पारी में सुबह पांच से दस बजे तक करने के आदेश दिए। यह आदेश 30 जून तक प्रभावी रहेगा।

उन्होंने बताया कि अजमेर में सुबह से आदेश की पालना शुरू भी कर दी गई। यहां सभी 80 वार्डों में सफाई कर्मियों ने सुबह पांच से दस बजे तक की पारी में सफाई कार्य किया। उल्लेखनीय है कि सफाई कर्मी सुबह के अलावा सायंकालीन पारी में दोपहर तीन से पांच बजे तक भी सफाई कार्य करते रहे हैं, लेकिन दोपहर में भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच सफाई करना मुश्किल हो रहा था।