सिरोही। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि उनके पीएसओ की भूमिका पर सभी का ध्यान है और प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गहलोत गुरुवार को सिरोही में ग्राम उत्थान शिविरों के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए गहलोत के ओएमआर शीट बदलने को लेकर दिए बयान पर
यह पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में आयोजित हुए पेपरों की ओएमआर शीट में बदलाव हुए। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री के घर तक भी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने गहलोत को आइना दिखाते हुए कहा कि उनके पीएसओ की भूमिका क्या थी, इस पर सभी का ध्यान है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के लोगों को अपना चश्मा बदलवाना चाहिए, जिससे उन्हें राजस्थान का विकास दिखे।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासन में कई इलाकों में पलायन के पोस्टर लगते थे और लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता था। इस बारे में हमारी कैबिनेट ने कल अशांत क्षेत्र कानून लाने का फैसला किया है। कांग्रेस इस विधेयक से परेशान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा झूठ बोलती है और झूठ का रास्ता अपनाती है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर कांग्रेस लोगों को बहकाने का काम कर रही है। कांग्रेस सरकार में लगातार पेपरलीक होते थे। हमारी सरकार में कोई भी पेपरलीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग तो ऐसे हैं, जिन्हें सिर्फ बोलना होता है लेकिन क्या बोलना है, किसके बारे में बोल रहे हैं, उनको यह पता ही नहीं होता।
शर्मा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जमाना है, जनता किसी भी तरह की चिंता नहीं करे। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने जहां भी घोटाले किये हैं और प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा किया है, किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



