अलवर : विवाद के कारण पुत्र के ट्रैक्टर से कुचलने से पिता की मौत, दो भतीजे घायल

1

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खेत की डोल (मेढ़) निर्माण को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ठोकदार का बास गांव में राकेश प्रजापत खेत में डोल निर्माण का कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसके परिजन भागचंद और अन्य परिवारजन मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। जमीन और रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तीखे विवाद में बदल गई।

सूत्रों ने बताया कि विवाद के दौरान राकेश का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने ट्रैक्टर को तेज गति से आगे बढ़ा दिया। आरोप है कि उसने ट्रैक्टर से भागचंद और नरेश के पैरों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर राकेश के पिता नंदलाल प्रजापत मौके पर पहुंचे।उन्होंने स्थिति को संभालने और ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान हालात और बिगड़ गए। राकेश ट्रैक्टर को चालू हालत में छोड़कर मौके से भाग निकला।

चालक विहीन ट्रैक्टर अचानक असंतुलित हो गया और उसकी चपेट में नंदलाल भी आ गये। गंभीर रूप से घायल नंदलाल को तत्काल उपचार के लिए अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

निजी अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय भिजवाया। घटना में घायल भागचंद और नरेश को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अलवर भेज दिया गया।

दोनों का उपचार अलवर राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के ट्रॉमा वार्ड में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि घायल दोनों युवक मृतक नंदलाल के भतीजे हैं। इस कारण पूरा मामला एक ही परिवार के भीतर के विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

इको वाहन पुलिस से गिरने से सात लोग घायल

अलवर जिले के अलवर-जयपुर मार्ग पर स्थित कुशालगढ़ गांव के समीप शनिवार को खाटुश्याम जी से लौट रही इको वाहन के पुलिया से गिरने से छह महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार जा भरतपुर जिले के डीग थाना क्षेत्र में शिव कॉलोनी निवासी एक ही परिवार के सात लोग इको वाहन से खाटू श्याम जी के दर्शन करने गए थे।

दर्शन के बाद सभी लोग अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तड़के करीब चार बजे कुशालगढ़ गांव के पास चालक को अचानक झपकी आ गयी, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

दुर्घटना में सुनीता गुर्जर, देववती, ललिता, कल्लू, भुल्ली, गुड्डी और सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अलवर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि हादसे में चालक को कोई चोट नहीं आई, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।