एशियन पेंट्स के सह-संस्थापक और गैर-कार्यकारी निदेशक अश्विन दानी का निधन

नई दिल्ली। एशियन पेंट्स के सह-संस्थापक और गैर-कार्यकारी निदेशक अश्विन दानी का गुरुवार को निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। एशियन पेंट्स ने शेयर बाजार को सूचना देते हुए कहा कि गहरे अफसोस के साथ हम आपको सूचित करते हैं कि कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक अश्विन दानी का बीमारी के कारण गुरुवार को निधन हो गया।

दानी 1968 में कंपनी में शामिल हुए थे, जो अब एशिया की सबसे बड़ी पेंट कंपनियों में से एक है। एशियन पेंट्स की स्थापना उनके पिता सूर्यकांत दानी और तीन अन्य लोगों ने 1942 में की थी। दानी 2009 में एशियन पेंट के गैर-कार्यकारी निदेशक बने थे। एशियन पेंट्स बोर्ड ने 23 जून 2021 को कहा था कि दानी गैर-कार्यकारी/प्रवर्तक निदेशक के रूप में कंपनी के निदेशक मंडल में बने रहेंगे।

अश्विन दानी का जन्म 26 सितंबर 1944 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने 1966 में मुंबई विश्वविद्यालय से केमिस्ट्री विज्ञान में स्नातक की डिग्री पूरी की और अमरीका से एक्रोन विश्वविद्यालय से केमिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री ली।

वह 1968 में एशियन पेंट्स में शामिल हुए थे। इसके बाद 1970 में वह कंपनी के बोर्ड में शामिल हुए और 1998 से 2009 तक कंपनी के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के पद पर रहे।

दानी 2009 से बोर्ड और कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक और उपाध्यक्ष के रूप में बोर्ड पर बने रहे। 2018 से 2021 के बीच की अवधि के लिए उन्होंने बोर्ड और कंपनी के अध्यक्ष का पद संभाला। उन्होंने 2021 में पद छोड़ दिया था।

गुरुवार को बाजार बंद होने तक एनएसई पर एशियन पेंट्स के शेयर में 3.5 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई। कंपनी का शेयर 121 रुपए गिरकर 3,180 पर बंद हुआ।