ढाका। बांग्लादेश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने सादगी और जन-सुविधा की मिसाल पेश करते हुए सरकारी वाहन के बजाय अपने निजी वाहन का उपयोग करने का अनोखा फैसला लिया है।
उनकी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की मीडिया सेल के सदस्य अतीकुर रहमान रुमोन ने बुधवार को यह जानकारी दी। स्थानीय मीडिया ढाका ट्रिब्यून के अनुसार रुमोन ने बताया कि प्रधानमंत्री अपनी निजी टोयोटा कार, निजी ड्राइवर और अपने खर्च पर खरीदे गए ईंधन का उपयोग करेंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए आवंटित किसी भी आधिकारिक सरकारी वाहन का उपयोग न करने का फैसला किया है। बुधवार को प्रधानमंत्री ने अपने इसी वाहन से सावर और शेर-ए-बांग्ला नगर का दौरा किया और बाद में सचिवालय पहुंचे।
आम जनता को होने वाली असुविधा और यातायात की भीड़ को ध्यान में रखते हुए, प्रधानमंत्री ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या को भी सीमित करने का आदेश दिया है। रुमोन ने बताया कि पहले प्रधानमंत्री के काफिले में 13 या 14 वाहन होते थे, लेकिन आज इसे घटाकर केवल चार कर दिया गया है।
शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले कार्यदिवस पर प्रधानमंत्री ने बिना राष्ट्रीय ध्वज वाले वाहन का उपयोग किया। हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि राजकीय समारोहों या विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की यात्रा के दौरान उनके वाहन पर राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग किया जाएगा।
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने भविष्य में कैबिनेट की अधिकांश बैठकें प्रधानमंत्री कार्यालय के बजाय सचिवालय में ही आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जब मंत्री सचिवालय से पीएमओ जाते हैं, तो वीआईपी मूवमेंट के कारण जनता को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है।
प्रधानमंत्री ने संबंधित मंत्रालयों को यह निर्देश भी दिया है कि राजधानी के भीतर उनकी यात्रा के दौरान सड़कों के किनारे वर्दीधारी पुलिस कर्मियों को तैनात करने की पुरानी परंपरा को बंद कर दिया जाए।
इससे पहले सुबह प्रधानमंत्री अपनी सफेद टोयोटा कार से गुलशन स्थित आवास से सावर में राष्ट्रीय शहीद स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने स्वाधीनता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की मजार पर माल्यार्पण किया और फिर सचिवालय पहुंचकर कैबिनेट की पहली बैठक की अध्यक्षता की।



