भीलवाड़ा में पत्नी की बेवफाई से आहत पति ने की आत्महत्या

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू पटेल नगर में पत्नी की बेवफाई और उसके प्रेमी की धमकियों से परेशान होकर शनिवार को एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रोंं ने बताया कि मृतक आनंद सिंह ने आत्महत्या करने से पहले पत्र लिखा, जिसमें उसने आत्महत्या के लिए अपनी पत्नी कोमल देवी और उसके प्रेमी मनोज वर्मा को जिम्मेदार ठहराया है।

सूत्रों ने बताया कि कोमल देवी कुछ समय पहले प्रेमी मनोज वर्मा के साथ भाग गई थी। करीब दो महीने बाद वह लौटी, लेकिन प्रेमी का पीछा नहीं छूटा। प्रेमी मनोज वर्मा लगातार आनंद सिंह को फोन कर धमकियां दे रहा था।

19 फरवरी को कोमल देवी अपने प्रेमी के साथ एक बार फिर भाग गई और साथ में अपने दोनों मासूम बच्चों को भी ले गई। जाते समय वह एक पत्र छोड़ गई, जिसे पढ़ने के बाद आनंद सिंह ने सुबह मौत को गले लगा लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।