भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने इस मामले में लक्ष्मण सालवी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि लक्ष्मण सालवी ट्रैक्टर चालक है। किशोरी उसके यहां मजदूरी करती थी। करीब 10 महीने पहले लक्ष्मण किशोरी को गेहूं निकलवाने के लिए अपने खेत पर ले गया, जहां उससे दुष्कर्म किया। उसे डरा धमकाकर किसी को न बताने को कहा। किशोरी की शादी हो गई लेकिन, वह ससुराल नहीं गई।
कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में वह ससुराल गई तो वहां पेट में दर्द हुआ। परिजन अस्पताल ले गए जहां किशोरी के गर्भवती होने का पता चला। बाद में उसने एक बच्चे को जन्म दिया। इस पर पूछताछ करने पर उसने लक्ष्मण के बारे में बताया। इसका मामला दर्ज होने पर पुलिस ने लक्ष्मण को गिरफ्तार कर लिया।



