अजमेर में भाजपा प्रदेश प्रभारी का फूंका पुतला, कांग्रेस में आक्रोश

0

अजमेर। राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन अग्रवाल के बयान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं।

दो दिन पूर्व टोंक में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी अग्रवाल ने राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को लेकर अनर्गल टिप्पणी की थी। टिप्पणी में सचिन पायलट के लिए आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित किया था। इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस में आक्रोश व्याप्त हो गया।

इसी के कारण अजमेर में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) सदस्य विजय जैन की अगवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करके अपनी नाराजगी का इजहार किया। इस प्रदर्शन में शामिल पीसीसी सदस्य महेंद्र सिंह रलावता नसीराबाद से प्रत्याशी रहे शिव प्रकाश गुर्जर पूर्व मंत्री नसीम अख्तर के पति इंसाफ अली सहित कई कांग्रेस जन मौजूद रहे।

आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने राधा मोहन अग्रवाल के पुतले को आग के हवाले कर दिया। कांग्रेस नेता विजय जैन ने कहा कि राधा मोहन अग्रवाल माफी नहीं मांगते तो उनके खिलाफ प्रदर्शन संपूर्ण राज्य में किया जाएगा और उन्हें काले झंडे भी दिखाए जाएंगे।