कांग्रेस ने दक्षिण भारत को भाजपा से करवा दिया मुक्त : सुखजिंदर सिंह रंधावा

जयपुर। कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह कांग्रेस मुक्त भारत का नारा दे रही थी लेकिन आज कांग्रेस ने दक्षिण भारत को भाजपा से मुक्त करवा दिया तथा आने वाले समय में अन्य राज्यों से भी भाजपा सरकारों की विदाई तय है।

रंधावा ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल तीन राज्यों में अपने दम पर सरकार बना पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा एवं अनुशासन के साथ कार्य करें क्योंकि जो निष्ठा से कार्य करता है उसे पार्टी द्वारा भरपूर प्रोत्साहन दिया जाता है और जो स्वार्थ के लिए पार्टी से चला जाता है वो कहीं का नहीं रहता।

उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता इस अवसर पर संकल्प लें कि राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलते हुए जनता के बीच जाकर पार्टी को मजबूत करने का कार्य करेंगे तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पुन: प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे, यह सुनिश्चित करें। रंधावा ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने देश के लिए काम किया और युवाओं के प्रेरणास्रोत बने। उन्होंने कहा कि देश का मौजूदा प्रधानमंत्री सात साल एक मुद्रा नहीं चला सके, उन्हें कांग्रेस पर प्रश्न करने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की धर्मनिरपेक्ष नीति का परिणाम है कि दो प्रतिशत की जनसंख्या वाले सिक्ख समुदाय से आने वाले सरदार डॉ. मनमोहन सिंह दो बार प्रधानमंत्री बने, क्योंकि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा जाति, धर्म और समुदाय के बजाय धर्मनिरपेक्षता में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि जो अपना इतिहास भूल जाते है उनका कोई भविष्य नहीं होता।

रंधावा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में काम करने वाले देश के लिए योगदान देने में विश्वास रखते है, कुछ लेने या स्वार्थ सिद्धी में नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का गौरवशाली इतिहास है तथा राजीव गांधी की सोच एवं विचारों को अंगीकार करते हुए सभी कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को उनके दिखाएं पथ पर आगे बढ़ते हुए देश के लिए कार्य करना चाहिए।