भाजपा का उद्देश्य अंत्योदय तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाकर उनका उत्थान करना : नितिन गडकरी

जयपुर। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भारतीय जनता पार्टी को विकास के लिए सदैव कटिबद्ध बताते हुए कहा है कि इसका उद्देश्य राष्ट्र सर्वोपरि, सुशासन और अंत्योदय तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाकर उनका उत्थान करना हैं।

गडकरी शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मीडिया सेंटर पर प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास को लेकर सदैव भाजपा की कटिबद्धता रहती है। भाजपा के मुख्य रूप से तीन उद्देश्य हैं, जिसमें राष्ट्रवाद जो कि हमारी आत्मा है और राष्ट्र सर्वोपरि यही भाव पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। दूसरा सुशासन और विकास और तीसरा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आर्थिक और सामाजिक चिंतन से अत्योंदय तक जो कि सामाजिक आर्थिक दृष्टि से पिछड़े हुए जिनके पास रहने के लिए मकान एवं कपड़ा नहीं है उस दरिद्र को नारायण मानकर निरंतर सेवा करते रहना।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जब हम सत्ता में रहते हैं तो गुड गवर्नेंस के द्वारा इन उद्देश्यों को पूरा करना और विपक्ष में रहेंगे तो लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका में अपना काम करना यही हमारा उद्देश्य है। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में भी इसी उद्देश्य को पूरा रखकर उनके नेतृत्व में सरकार में काम किया और 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी पार्टी को बहुत अच्छा बहुमत मिला और इसी उद्देश्य के साथ हम काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी का सपना है कि हमारा भारत विश्व गुरु बने अभी हम दुनिया में आर्थिक ताकत के रूप में उभरकर सामने आए हैं और भारत अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर पांचवां बड़ा देश बना है। इसी रफ्तार से हम आगे चलकर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे। वहीं 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी के लक्ष्य को लेकर आत्मनिर्भर भारत बनाने के उद्देश्य के साथ हम काम कर रहे हैं। हमारी नीतियां गांव, गरीब, किसान और मजदूर का कल्याण करके हम किस प्रकार से प्रगति और विकास की ओर जा सकते हैं उसी के आधार पर हम काम कर रहे हैं।

गडकरी ने कहा कि आज भारत में पांच करोड़ परिवारों को हमारी सरकार में पक्के घर दिए गए जिसमें से 20 लाख परिवारों को राजस्थान में मकान मिले, भारत में 12 करोड़ से अधिक शौचालय बने, राजस्थान में 83 लाख परिवार को शौचालय मिले। वहीं जल जीवन मिशन के तहत 7 करोड़ से अधिक परिवारों को पानी मिला, और राजस्थान में 40 लाख से अधिक परिवारों को किसान सम्मान निधि के तहत पैसा मिला।

राजस्थान में हमने 23 नए मेडिकल कॉलेज खोले हैं जो स्वास्थ्य की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है और हमने देशभर में 10 करोड़ से अधिक माता बहनों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए हैं। जिसमें से राजस्थान के 70 लाख से अधिक परिवारों के पास गैस कनेक्शन पहुंचे।