भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर में सेवर थाना क्षेत्र में दयोपुरा के सरकारी स्कूल परिसर में पड़े मिले तीन रुपए उठाकर जेब में रख लेने के मामले के तीसरी कक्षा की आठ वर्षीय मासूम बच्ची को सोमवार को पीट पीट कर लहूलुहान कर देने की आरोपी महिला शिक्षक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पीड़ित छात्रा की मां की तरफ से दर्ज कराए गए मामले में बताया गया है कि आरोपी शिक्षिका ने आपा खोकर बच्ची की पीठ पर ताबड़तोड़ डंडे बरसा दिए जिससे उसके शरीर पर गहरे निशान बन गए।
उसने बताया कि छुट्टी के बाद जब बच्ची रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को अपनी पीठ दिखाई तो चोटों को देख सभी सन्न रह गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को बच्ची की मां ने थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है।



