वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर दिल्ली में 195 रुपए महंगा

0

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति संबंधी बाधाओं के बीच तेल विपणन कंपनियों ने बुधवार से 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी-भरकम बढ़ोतरी की घोषणा की है।

देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पहली अप्रैल से 19 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेंडर 2,078.50 रुपए का मिलेगा। इसकी कीमत गत 7 मार्च को बढ़ाकर 1,883 रुपए की गई थी। इस प्रकार अब यह 195 रुपए यानी 10.38 प्रतिशत महंगा हो गया है।

इस साल एक जनवरी से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में यह पांचवीं बढ़ोतरी है। इस दौरान दिल्ली में यह 498 रुपये महंगा हो चुका है। घरेलू इस्तेमाल वाले 14 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें 7 मार्च को 60 रुपए की वृद्धि की गई थी और फिलहाल दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपए प्रति सिलेंडर है।

कोलकाता में पहली अप्रैल से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 218 रुपए (10.95 प्रतिशत) महंगा होकर 2,208 रुपए का और मुंबई में 196 रुपए (10.68 प्रतिशत) की बढ़ोतरी के साथ 2,031 रुपए का हो गया है। चेन्नई में इसकी कीमत 203 रुपए (9.93 प्रतिशत) बढ़कर अब 2,246.50 रुपए प्रति सिलेंडर पर पहुंच गई है।