एनएचएम में संविदा नर्स, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं सीएचओ के पदों में बढ़ोतरी

जयपुर। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत वर्ष 2022 एवं 2023 में विज्ञापित संविदा नर्स, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता और सीएचओ के पदों में 2713 पदों की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की।

सिंह ने सोमवार को स्वास्थ्य भवन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की बैठक ली। उन्होंने पहली ही बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके साथ ही अब कुल 9890 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को भिजवाया जाएगा।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शुभ्रा सिंह ने अवगत कराया कि वर्ष 2023 में विज्ञापित संविदा नर्स के 1588 पदों में 750 पद बढ़ाकर कुल 2338 पद, संविदा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 2058 पदों में 1000 पदों को बढ़ाकर कुल 3058 पद कर दिये गये हैं। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के 3531 पदों में 963 पदों को बढ़ाकर कुल 4494 पद कर दिए गए हैं।

इस प्रकार पूर्व में विज्ञापित 7177 पदों के स्थान पर अब 9890 पदों पर भर्ती के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को प्रस्ताव भिजवाए जाएंगे। जल्द ही राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा संशोधित विज्ञप्ति जारी की जाएगी।

चिकित्सा मंत्री ने करीब छह घंटे तक चली बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों, निर्माणाधीन भवनों एवं अन्य परियोजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।