धर्मांतरण का आरोप : 36 लोगों को हवाचूर गांव के लोगों ने जमकर पीटा

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के हवाचूर गांव में धर्मांतरण को लेकर उपजे तनाव ने हिंसक रूप ले लिया है। 10 अगस्त की सुबह चर्च से लौट रहे 36 लोगों पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। कथित हमले में कई महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि कथित हमले में घायल शांति के बेटे हितेश दर्रो ने बताया कि हम सब लोग ग्राम हवाचूर, अंतागढ़ में प्राथना के लिए गए थे। गांव के सभी लोगों ने मिलकर प्राथना करने वाले 36 लोगों को जमकर पीटा है।

हितेश दर्रो के ही मुताबिक उन्हें उनके नए धर्म के कारण निशाना बनाया गया। राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा के प्रदेश सचिव साईमन दिग्बल तांडी के अनुसार पीड़ित सुबह की प्रार्थना के बाद अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। जब कुछ ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। शांति बाई दर्रो और बिसन्तिन दर्रो सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जागेश्वर उसेंडी ने कान का पर्दा फटने की शिकायत पुलिस से की है।

आठ परिवारों के 35 पीड़ितों ने ताड़ोकी थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। पर अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। कांकेर पुलिस अधीक्षक आईके एलिसेला ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की जांच चल रही है। हम मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। प्राथमिक जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।