राजस्व मंडल में भ्रष्ट आरएएस अधिकारी को सदस्य नहीं बनाया जाए

अजमेर। राजस्थान राजस्व मंडल बार एसोसिएशन ने राजस्थान राजस्व मंडल में बतौर सदस्य राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के भ्रष्ट अधिकारियों को नियुक्त नहीं करने की मांग की है।

बार एसोसिएशन की ओर से बुधवार को यहां कलक्टर की अनुपस्थिति में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) लोकेश कुमार गौतम को मुख्यमंत्री के नाम का इस आशय का ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा कि राजस्व मंडल में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) तथा वकील कोटे से पद खाली हैं, लेकिन राजस्थान सरकार सदस्य पद पर आरएएस के अधिकारी को लगा रही है जोकि नियमानुसार गलत है। साथ ऐसे अधिकारी पहले ही भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हैं। उन्हें यहां लगाने की सरकारी मंशा पर रोक लगाई जानी चाहिए।

एसोसिएशन सदस्यों ने कहा कि राजस्थान राजस्व मंडल, राजस्व मामलों का सर्वाेच्च न्यायालय हैं। यहां पर सच्चे और ईमानदार सदस्यों की नियुक्ति से ही सच्चा न्याय मिल सकेगा। उन्होंने वकील कोटे से सदस्य नियुक्ति की भी मांग की है। ज्ञापन की प्रति राजस्व मंत्री एवं मुख्य सचिव को भी भेजी गई है।