दरभंगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी के विरूद्ध बिहार में दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दरभंगा सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने गुरुवार को यहां बताया कि राहुल गांधी समेत बीस नामजद लोगों के अलावा 100 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक साथ दर्ज की गई दो अलग-अलग प्राथमिकी में पहली प्राथमिकी बीएनएस 163 (पुराना 144) निषेधाज्ञा तोड़ने के कारण मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट खुर्शीद आलम ने दर्ज कराई है। वहीं, दूसरी प्राथमिकी बिना अनुमति अम्बेडकर कल्याण छात्रावास में जबरन कार्यक्रम करने के कारण जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक कुमार ने दर्ज कराई है।
पदाधिकारियों ने बताया कि मामले में नामजद प्रमुख लोगों में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह एमएलसी मदन मोहन झा, नगर निगम की उपमहापौर नाजिया हसन, पूर्व वार्ड पार्षद डॉ मुन्ना खान, जिला मीडिया प्रभारी मोहम्मद असलम, जमाल हसन, मोहम्मद असलम शादाब जिला अध्यक्ष दयानंद पासवान, मो अहमद उस्मानी, पूर्व जिला अध्यक्ष सीताराम चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष पासवान, शकील अहमद मुख्य आयोजक सुशील कुमार पासी, बीस नामजद सहित एक सौ अज्ञात शामिल हैं।
बिहार में अराजकता फैलाना चाहते हैं राहुल गांधी
बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर राज्य में शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया और कहा कि गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए गुंडों जैसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जिसके लिए उन्हें प्रदेश की जनता से उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
चौधरी ने गुरुवार को कहा कि बिहार सरकार की योजना के तहत छात्रों के कल्याण के लिए बनाए गए छात्रावासों में राजनीतिक गतिविधियों की अनुमति नहीं है लेकिन दरभंगा में राहुल गांधी ने कानून तोड़कर कैंपस में राजनीतिक कार्यक्रम किया। टाउन हॉल बुक किया गया था, जहां अनुमति थी लेकिन कार्यक्रम वहीं न कर कानून की अवहेलना की गई।
भाजपा नेता ने गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने गुंडागर्दी करके जबरन कार्यक्रम किया और यह आचरण शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि गांधी बिहार में झूठ फैलाकर अराजकता लाना चाहते हैं और पहले की तरह ही अब भी वे दलितों और पिछड़ों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
चौधरी ने कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि 60 वर्षों तक कांग्रेस ने पिछड़ों को आरक्षण देने का विरोध किया, मंडल आयोग की रिपोर्ट दबा दी और अब उसी कांग्रेस का राजकुमार (राहुल गांधी) पिछड़ों का मसीहा बनने का ढोंग कर रहे हैं।
राहुल गांधी अराजकता के पर्याय : मंगल
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को अराजकता का पर्याय बताया और कहा कि उन्होंने (गांधी) दरभंगा में प्रशासन के आदेश की अवहेलना कर अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश की है।
पांडेय ने गुरुवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि जंगल राज वालों के साथी गांधी नकारात्मक राजनीति एवं अराजकता के पर्याय है। गांधी ने दरभंगा में कांग्रेस के कथित शिक्षा न्याय संवाद जैसे फ्लॉप शो की विफलता को छुपाने के लिए विरोध का ड्रामा किया। प्रशासनिक आदेश की अवहेलना कर गांधी द्वारा अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश निंदनीय है।
भाजपा नेता ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के गरिमामय पद पर होने के बावजूद गांधी अपनी ऊटपटांग हरकतों एवं नकारात्मक राजनीति से शोहरत बटोरना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिला प्रशासन ने डॉ. अम्बेडकर छात्रावास की जगह टाउन हॉल में कार्यक्रम करने की अनुमति दी थी लेकिन अपेक्षित संख्या नहीं जुटने और जनता द्वारा नकारे जाने की वजह से उन्होंने स्थानीय प्रशासन द्वारा रोके जाने के बावजूद छात्रावास जाने की जिद की।
पांडेय ने कहा कि गांधी एवं उनकी पार्टी कांग्रेस बिहार में लाख कोशिश कर ले, इस बार बिहार की जनता कांग्रेस का खाता नहीं खुलने देगी। उन्होंने कहा कि जंगलराज वालों की सहयोगी कांग्रेस को बिहार की जनता वर्षों पहले अपने चित्त से उतार चुकी है। दशकों तक बिहार को लूटने एवं बर्बाद करने वाले कांग्रेस-राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की बिहार में दाल गलने वाली नहीं है।