भाजपा की पर्ची सरकार को एक महीने में ही जनता ने नकारा : डोटासरा

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार को पर्ची सरकार करार देते हुए कहा है कि अहंकार के कारण प्रदेश की जनता ने एक महीने बाद ही इसे नकार दिया।

डोटासरा ने बुधवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में यह बात कही। इस अवसर पर करणपुर से नवनिर्वाचित विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर भी मौजूद थे। डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की जो हमेशा नीति रहती है, संविधान की धज्जिया उड़ाना, लोगों को गुमराह करना, गलत तरीके से लुभाना और इसके चलते करणपुर विधानसभा चुनाव के बीच भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी को आदर्श चुनाव संहिता का उल्लघंन करके मंत्री बनाया गया लेकिन जनता ने वहां कांग्रेस उम्मीदवार रुपिंदर सिंह कुन्नर को विधायक बनाकर भेजा जो भाजपा पार्टी के लिए एक सबक है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग संविधान नहीं मानते, न संविधान के नियमों को मानते हैं और उनकी धज्जियां उड़ाते है। उन्होंने कहा कि मंत्री तो बनाया जा सकता है लेकिन जनता के बिना विधायक नहीं बनाया जा सकता। जनता ने विधायक कांग्रेस के रुपिंदर सिंह कुन्नर को 11 हजार से भी अधिक अंतर से चुनाव जीताकर विधायक बनाकर भेजा है।

डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सवा महीना में इस सरकार ने कोई काम नहीं किया, केवल और केवल पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं का नाम बदलना और उन्हें कमजोर करना, पहले जो रोजगार दिए गए थे उन्हें बेरोजगार करना एवं झूठे वादे करने का काम किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि धार्मिक उन्माद फैलाकर वोटों की फसल काटना यह सब किया लेकिन करणपुर में यह प्रयास कामयाब नहीं हो पाए और जनता ने इनको आईना दिखा दिया और पर्ची सरकार को नकारने का काम करणपुर की जनता के किया है जो भाजपा के लिए सबक हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को जनादेश दिया हैं अब इसे पांच साल जनता की भावना के अनुरुप काम करना चाहिए।

डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में गलत आरोप लगाकार माहौल खराब करके वोट बंटोर लिए और आगामी लोकसभा चुनाव में भी फिर वहीं करने वाली है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लेकिन इनका घमंड सातवें आसमन पर हैं और इस कारण आगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन जीतेगा।

उन्होंने कहा कि अभी तो केवल बाते ही बाते हो रही हैं लेकिन कुछ करके दिखाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश मे कांग्रेस की सरकार थी तब मुद्दा उठाया जाता था कि बलात्कार की घटनाएं बढ गई लेकिन अब प्रदेश में हो रही इस तरह की घटनाओं के लिए मुख्यमंत्री, भाजपा के नेताओं एवं पदाधिकारियों के पास कोई जवाब हैं।

डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार के जनजाति मंत्री ने जिस तरह का बयान दिया है, क्या इस तरह का बयान उन्हें देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ विधायक भी जो भाषा बोल रहे हैं क्या उन्हें भी इस तरह की भाषा बोलनी चाहिए।

कांग्रेस सरकार की योजनाओं को नाम बदल-बदलकर अपनाना पड़ेगा-गहलोत

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के समय हर काम एक विजन, उपयोगिता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ किया गया। भले ही भारतीय जनता पार्टी ने शुरू में इन कामों का विरोध किया हो पर देश को आगे ले जाने एवं जनहित के लिए इन्हीं योजनाओं को नाम बदल-बदलकर अपनाना पड़ेगा।

गहलोत ने सोशल मीडिया के माध्यम से बुधवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में जब राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के तहत जेनरिक दवाओं को जनता को निशुल्क उपलब्ध करवाना शुरू किया तब विपक्षी भाजपा के नेताओं ने जेनरिक दवाओं को जहर तक बता दिया था।

जेनरिक दवाओं की जनता में स्वीकार्यता बढ़ाने एवं आमजन को निशुल्क अच्छा इलाज उपलब्ध करवाने के लिए यह राजस्थान सरकार का देश में पहला बड़ा कदम था जिसे आज केन्द्र की भाजपा सरकार भी फॉलो कर रही है और स्वयं की सफलता की कहानियों में शुमार कर इसका प्रचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि अगर ये अनावश्यक विरोध के बजाय सरकार की योजना को जनता तक पहुंचाने में सहयोग करते तो वह राज्य एवं देश के हित में होता।