दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या

0

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने रविवार देर रात पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर इलाके में पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
यह घटना पत्नी के जन्मदिन पर दोनों के बीच हुए विवाद के बाद हुई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार यह घटना ईस्ट विनोद नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल के पास हुई। आरोपी कांस्टेबल का नाम मनीष भाटी है, जो पूर्वी जिले के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) में तैनात है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। मृतका प्रियंका की शादी करीब तीन वर्ष पहले मनीष से हुई थी। परिजनों ने बताया कि 13 जुलाई को प्रियंका का जन्मदिन था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कल देर रात प्रियंका की तबीयत बिगड़ने पर मनीष उसे एलबीएस अस्पताल ले जा रहा था। रास्ते में दोनों के बीच कथित तौर पर तीखी कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने तैश में आकर पत्नी पर गोली चला दी। गोली लगने से प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार गोली चलाने के बाद आरोपी कांस्टेबल पत्नी प्रियंका को सड़क किनारे छोड़कर स्कूटर से फरार हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी एजेंट ने घायल महिला को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रियंका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मनीष दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करता था और कई बार उसके साथ मारपीट भी कर चुका था। उनका दावा है कि इस संबंध में पहले महिला थाने में शिकायतें भी दर्ज करायी गयीं थी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप जांच का हिस्सा हैं और हत्या के पीछे के कारण की अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।