अजमेर : फडणवीस और जोशी ने भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा में भरा जोश

अजमेर। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आवाह्न किया है कि सभी मिलकर राजस्थान में भ्रष्ट कांग्रेस राज को उखाड़ फेंके और राज्य के विकास के लिए कमल का फूल खिलाकर भाजपा राज कायम करें।

फडणवीस गुरुवार को अजमेर के केसरगंज चौराहे पहुंची भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा की जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता गहलोत सरकार से संतुष्ट नहीं है। जो वादे किए गए, वे साढ़े चार साल में भी पूरे नहीं किए गए। इस राज में जनता मंहगाई, गरीबी, बेरोजगारी से पीड़ित है। उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। इसलिए अब परिवर्तन के अलावा कोई विकल्प नहीं, भाजपा की परिवर्तन यात्रा आपके दर पर है। यहां से संकल्प लेकर ऊठिए कि भाजपा को सत्ता में लाने के लिए एक-एक वोट कमल को जाए।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की केन्द्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं की भी तारीफ की और कहा कि उनके नेतृत्व में देश कहाँ से कहां पहुंच गया है। राजस्थान में भाजपा राज आने पर राज्य का भी चौतरफा विकास होने से कोई नहीं रोक सकता।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि राज्य की गहलोत सरकार जन आकांक्षाओं पर खरा नहीं उतरी है। भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार, मंहगाई, पेपरलीक, मंहगी बिजली, अपराध का बढ़ता ग्राफ गहलोत सरकार की देन है जिसे वोट देने से पहले याद करना है और सोच समझ कर सही निर्णय के साथ कमल का साथ देना है। उन्होंने चुटकी ली कि गहलोत का सारा समय तो कुर्सी बचाने में चला गया, अब चुनाव में उन्हें, उनकी सरकार को चलता करना है।

सभा में राजस्थान सहप्रभारी विजया राहटकर ने भी अपने उद्बोधन में कांग्रेस राज को जमकर कोसते हुए भाजपा को जीताने की अपील की। सभा को सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक अनिता भदेल एवं वासूदेव देवनानी, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी आदि ने भी सम्बोधित किया।

नसीराबाद में परिवर्तन संकल्प यात्रा का जोरदार स्वागत

परिवर्तन संकल्प यात्रा-3 का नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र में जोरदार स्वागत हुआ। इस यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता व महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णविस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी एवं राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, लोकसभा सांसद भागीरथ, जोगेश्वर गर्ग, विजेंद्र पूनिया, जिलाअध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में आमजन शामिल हुए।