कोंडागांव में एकलव्य आदर्श विद्यालय की नाबालिग छात्रा के साथ रेप

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के गोलवंड स्थित एकलव्य आदर्श विद्यालय एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने की खबर सामने आई है। इस मामले का आरोपी फरार बताया जाता है।

पुलिस के अनुसार नाबालिग छात्रा आठ से 12 अगस्त की तारीख तक विद्यालय से बाहर रही लेकिन विद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों प्राचार्य, वॉर्डन आदि को खबर ही नहीं हुई।

आदर्श विद्यालय की छात्रा के कुछ दिन और रात बाहर रहने की बात का पता चलते ही छात्रा के पालकों ने विद्यालय प्रबंधन के लोगों से बात की। पर प्राचार्य ने छात्रा को ही आवासीय विद्यालय से निकाल दिया है ऐसी सूचना है।

नाबालिग छात्रा के विद्यालय से गायब रहने की खबर पर अनिल बघेल, ग्राम गोलावंड ने बताया कि मैं अपने कुछ साथियों के एकलव्य आदर्श विद्यालय गया था। सैकड़ों की संख्या में बच्चे पढ़ाई के लिए दूर-दूर से आए हैं। बच्चे देश का भविष्य हैं, आदर्श विद्यालय हमारे गांव गोलावंड में ही बना है। इस नाते सारे बच्चे हमारे मेहमान भी हैं। बच्चों के साथ कोई अनहोनी ना हों। हम बस यही चाहते हैं और बस इसी भावना से मैंने प्राचार्य से बात करने की कोशिश की। पर उन्होंने बात करने से इंकार कर दिया।

विद्यालय से कुछ दिन और रात बाहर रहने वाली नाबालिग छात्रा के बारे में कृपेंद्र तिवारी, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, कोंडागांव से बात की तो बताया कि उन्होंने प्राचार्य और मंडल संयोजक को नोटिस जारी किया है। दोनों ही अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर मुझे जवाब देना होगा। दोनों ही अधिकारियों का जवाब आने के बाद ही मैं कुछ बता सकूंगा।

छात्रा के गायब रहने के दौरान उसके साथ बलात्कार होने की सूचना है।नाबालिग के साथ बलात्कार की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि मामले में जुर्म दर्ज किया गया है। छात्र चूंकि नाबालिग है इसलिए पॉक्सो के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।

अपराध क्षेत्र कोतवाली थाने की पुलिस के मुताबिक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है। गौरतलब है कि गोलावंड के विद्यालय में कुल 420 छात्र और छात्रा पढ़ाई कर रहे हैं। यहां कक्षा 6 से लेकर 12वीं कक्षा तक पढ़ाई होती है। छात्र और छात्राओं की संख्या लगभग बराबर है।