भीलवाड़ा में कैफे में आग से लाखों रुपए का नुकसान

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के गांधीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को 100 फुट रोड पर स्थित एक कैफे में शनिवार को आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तड़के करीब तीन बजे बिल्लू जाट के श्री श्याम कैफे में रखे इलेक्ट्रिक स्कूटर के चार्जर में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कैफे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कैफे में रखा सामान खाक हो गया। आग बुझाने के प्रयास में संचालक बिल्लू जाट झुलस गया।

आग लगने के कुछ ही देर बाद कैफे में रखे सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। धमाके के प्रभाव से कैफे का लोहे का शटर उखड़कर सड़क पर जा गिरा और पूरी इमारत में दरारें आ गईं। दमकल की गाड़ी करीब दो घंटे बार आई तब तक सब कुछ जलकर राख हो गया। आग से करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दुकानदार ने बताया कि इलेक्ट्रिक स्कूटी के चार्जर में खराबी की वजह से इसमें चिंगारी निकली।

आठ ड्रम थिनर बरामद

भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला विशेष दल (डीएसटी) ने अवैध थिनर के बड़े जखीरे को बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि नला का माताजी स्थित एक बाड़े में खड़ी पिकअप की तलाशी ली गई, तो उसमें आठ ड्रम थिनर मिला, जिनका कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने मौके पर छीतर भील को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला रसद अधिकारी को सूचित किया गया है, ताकि नमूना लेकर कानूनी कार्रवाई की जा सके।