पूर्व सांसद डॉ करण सिंह यादव ने कांग्रेस पार्टी से दिया इस्तीफा

अलवर। राजस्थान में अलवर से पूर्व सांसद डॉ करण सिंह यादव ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया।

डा यादव ने आज पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस परिवार की रिवाल्वर से गोडसे ने गांधी की हत्या की वही आज कांग्रेस में टिकट तय कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया की जितेंद्र सिंह ने उनकी राजनीति हत्या की है।

उन्होंने बताया कि जो लोकसभा का प्रत्याशी बनाया गया है उसने विधानसभा का चुनाव बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर भी लड़ा था और छोटी सी उम्र में तीन बार पार्टी बदल चुका है ऐसे में उससे क्या उम्मीद की जा सकती है कि वह पार्टी के प्रति वफादार रहेगा।

डा यादव ने कहा कि अलवर में सिर्फ भंवर जितेंद्र सिंह की चलती है। अलवर से एक छोटे से बच्चे को टिकट देकर मेरा अपमान किया है। उन्होंने कहा कि ललित यादव को अभी राजनीति अनुभव भी नहीं है। वो राजनीति के बारे में अभी क्या जानता है। विधायक बने भी अभी सिर्फ दो महीने ही हुए हैं। उसको राजनीति के बारे में कुछ भी नहीं पता है।

पूर्व सांसद से जब पूछा गया कि क्या वह भाजपा में जाएंगे तो उन्होंने कहा कि इस बारे में 24 घंटे बाद आपको बता दिया जाएगा। साथ ही इस बारे में अपने साथियों से बातचीत करूंगा और फिर निर्णय लूंगा। कांग्रेस पार्टी ने राजाओं को हराकर सत्ता हासिल की वहीं पार्टी आज राजाओं की बात मान रही है, लेकिन अब अलवर जिले की जनता पूरी तरह से जागरूक हो चुकी है।