भर्ती पेपर लीक मामले में गहलोत और डोटासरा शीघ्र जेल में होंगे : मदन दिलावर

अलवर। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि पेपर भर्ती नकल घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय लगातार कार्रवाई कर रही है और अब मुख्य आरोपियों तक पहुंचने वाली है।

दिलावर ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि इस मामलों में शीघ्र ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जेल की सलाखों के पीछे होंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं, और अधिकारियों ने शिक्षा संकुल में राजीव गांधी स्टडी सर्किल के माध्यम से पेपर खरीदे। स्टडी सर्किल को रखवाली का जिम्मा दिया गया। अधिकारियों ने एक चाबी उन्हें दे दी, वहां से पेपर निकालकर यह बेच देते थे।

उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में ताजा उदाहरण है, सब इंस्पेक्टर भर्ती में चार दर्जन सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार किया जा चुके हैं, लाइन लंबी हो सकती है। फर्जी डिग्री का मामला भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में ईडी कार्रवाई कर रही है कि राजीव गांधी स्टडी सर्किल वालों को नौकरी के पेपरों की रखवाली की चाबी दी गई।

दिलावर ने कहा कि राजस्थान लोकसेवा आयोग (आरपीएससी) में डेढ़ करोड़ रुपए लेकर सदस्य नियुक्त किए गए। अब मुख्य आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा को गिरफ्तार किया जा सकता है।