50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना
नसीराबाद। राजगढ़ स्थित श्री मसाणिया भैरव धाम में आगामी 29 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक चम्पालाल महाराज (मुख्य उपासक, भैरव धाम) के सान्निध्य तथा उपखंड अधिकारी नसीराबाद कल्पित शिवरान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर महोत्सव की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान धाम के व्यवस्थापक ओमप्रकाश सेन ने आयोजन से संबंधित आवश्यक कार्यों के लिए मांग-पत्र उपखंड अधिकारी को सौंपा। इस पर उपखंड अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में विशेष रूप से पुलिस, यातायात, चिकित्सा एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा पार्किंग एवं सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि जाम एवं अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि महोत्सव के दौरान तहसीलदार नसीराबाद राकेश कुमार को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में जानकारी दी गई कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धाम की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में अपने कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं तथा कोताही बरतने पर प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील, बीडीओ श्रीनगर महेश चौधरी, थाना अधिकारी नसीराबाद सदर राधेश्याम चौधरी, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी, चिकित्सा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं धाम समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।



