सिरोही भाजपा कार्यालय पर हाई वोल्टेज ड्रामा, कार्यकर्ता पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप

सरूपगंज में तीन दिन पहले हुई जिला कार्यकारिणी की बैठक में मिलते जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी और मांगूसिंह।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। सत्ता में आते ही भाजपा में पद लेने की होड़ा होड़ी मच चुकी है। इसी होड़ा होड़ी में सत्ता की मलाई का हिस्सेदार बन जा रहा है वो खुश हो जा रहा है और जो वंचित रह जा रहा है वो बगावत पर उतर जा रहा है।

कभी कांग्रेस में रहे और फिर पिछले चुनावों से पहले भाजपा में आने वाले भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी मंगूसिंह बावली ने इसी को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पर जबरदस्त हंगामा काटा। उन पर ये आरोप लगा कि उन्होंने सांगठनिक मर्यादा को भूलते हुए कार्यालय के बाहर एक कार्यकर्ता पर गाड़ी चढ़ाने का भी प्रयास किया।

सिरोही में सोशल मीडिया पर वायरल भाजपा जिलाध्यक्ष का पत्र।

– इस पद को लेकर हुआ हंगामा
जिले में मूल सन्गठन और मोर्चों की रिशफलिंग का काम चल रहा है। लोकसभा चुनावों से पहले जिला भाजपा में ओवरओहलिंग चल रही है। इसी क्रम में आज किसान मोर्चे की जिलाध्यक्ष की घोषणा की गई। इस पद पर हेमेंद्र सिंह को मनोनीत किया गया। इसी को लेकर हंगामा बरपा।
जिले में गणपत सिंह के किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहते हुए ही मांगूसिंह बावली इस पद के लिए प्रयासरत थे। करीब 4 साल पहले किसान मोर्चा के सिरोही के स्वामीनारायण मंदिर में हुए सम्मेलन में तत्कालीन जिलाध्यक्ष गणपत सिंह के द्वारा मांगूसिंह बावली को किसान मोर्चा में समुचित सम्मान नहीं देने को लेकर को लेकर तत्कालीन भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित की किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष से मनमुटाव भी हुआ था।
उस समय मांगूसिंह बावली नारायण पुरोहित के करीबी थे। तब से ही वो किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष के पद के लिए प्रयासरत थे। अब जब सरकार बनी और मोर्चा के नया जिलाध्यक्ष नियुक्त हुए तो मांगूसिंह बावली के प्रयासों पर पानी फिर गया।
-जिला कार्यालय पर पहुंच किया हंगामा
किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष के पद पर मनोनयन नहीं होने पर मांगूसिंह बावली आहत थे। भाजपा के शांति नगर स्थित कार्यालय जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी और अन्य जिला पदाधिकारियों के मौजूद होने की सूचना मिली तो वो वहां पहुंच गए। उन्होंने किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष के पद पर उनका मनोनयन नहीं करने पर जिलाध्यक्ष को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया।

मंत्री ओटाराम देवासी के द्वारा भी उनको किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोनीत नहीं करवा पाने पर उनकी गैर मौजूदगी में उन पर भी नाराजगी जताई। मौके की नजाकत भांप कर जिलाध्यक्ष तो कार्यालय छोड़कर निकल गए। इस दौरान योगेंद्र गोयल से मांगूसिंह उलझ गए। आरोप ये लगा कि मांगू सिंह में इस दौरान योगेंद्र गोयल पर कार चढ़ाने की कोशिश की।
-किया बर्खास्त
मांगूसिंह का अपनी महत्वाकांक्षाओं को लेकर सन्गठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से विवाद का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गणपत सिंह के साथ जावाल के निकट हाथापाई की स्थिति आई थी। गोयली चौराहे पर भाजपा सिरोही मंडल के पूर्व नगर अध्यक्ष महीपाल सिंह के साथ भी हाथापाई की स्थिति आई थी।

भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष हेमंत पुरोहित और भाजपा सिरोही के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश सगरवंशी से भी इनका विवाद चर्चित रहा था। जिला कार्यलय पर हुए हंगामे के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी ने मांगूसिंह को सन्गठन से बर्खास्त करने के आदेश जारी किए।