मोदी पर ट्रंप के वीडियो पर उचित कार्रवाई करेगा भारत : विदेश मंत्रालय

1

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संबंधित अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस वीडियो से अनभिज्ञता जताई है जिसमें अमरीकी राष्ट्रपति यह कहते सुने जा सकते हैं कि वह मोदी का राजनीतिक करियर बर्बाद नहीं करना चाहते लेकिन साथ ही कहा है कि अगर ऐसा वीडियो है तो उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को साप्ताहिक ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में कहा कि आप जिस वीडियो की बात कर रहे हैं, मैंने उसे नहीं देखा है। यदि इस प्रकार का कोई वीडियो है, चाहे वह सही हो या गलत, हम उस पर उचित कार्रवाई करेंगे।

उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया में डोनाल्ड ट्रंप का यह वीडिया वायरल हो रहा है जिसमें वह यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वह मोदी से प्रेम करते हैं लेकिन यह कहकर उनका राजनीतिक करियर बर्बाद नहीं करना चाहते।

एपस्टीन फाइल से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जहां तक एपस्टीन फाइल का प्रश्न है, आपने हमारा बयान देखा होगा। हम इसी मंच से उस विषय पर लिखित और मौखिक दोनों प्रकार के बयान दे चुके हैं। आप उस बयान का संज्ञान लें।