जयपुर। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने डीग जिले में रीट की तैयारी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी शिक्षक रणधीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दिलावर ने यह मामला सामने आने के बाद आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के लिए शिक्षा विभाग के निदेशक सीताराम जाट को यह निर्देश दिए। आरोपी शिक्षक रणधीर सिंह डीग जिले के ब्लॉक डीग के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरौली चौथ में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत है।
प्रधानाचार्य के खिलाफ भरतपुर जिले के उद्योग नगर थाने में रीट की तैयारी कर रही एक छात्रा द्वारा झांसा देकर बलात्कार करने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रधानाचार्य के विरुद्ध नैतिक पतन से संबंधी एफआईआर दर्ज होने के कारण विभाग की छवि धूमिल हुई है। जिस पर संज्ञान लेते हुए दिलावर ने आरोपी प्रधानाचार्य को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।



