12 साल से फरार जयपुर का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर अशोक जाट अजमेर में अरेस्ट

0

अजमेर/जयपुर। राजस्थान में अजमेर पुलिस ने पिछले 12 वर्षों से फरार एक शातिर हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज राजेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अगरवाला के विशेष निर्देशन में जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रीनगर थाना पुलिस ने हार्डकोर अशोक जाट को गिरफ्तार किया है। वह वर्ष 2014 के एक जानलेवा हमले के मामले में वांछित था। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार था।

आरोपी जयपुर के बिन्दायका थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लंबे समय से तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के माध्यम से तलाश कर रही थी। इसके विरुद्ध जयपुर, अजमेर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कुल 14 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

आरोपी ने साल 2014 में ही कई वारदातों को अंजाम दिया और तब से लेकर वह लगातार अलग-अलग जिलों में सक्रिय रहा। वर्तमान में इसके विरुद्ध दर्ज सभी मामले विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं।