केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत ने गहलोत सरकार पर बोला जोरदार हमला

जोधपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान की जनता वर्तमान भ्रष्ट सरकार से आजिज आई हुई है। पहली बार है कि सरकार के भ्रष्टाचार के बारे में आम आदमी ही नहीं, बल्कि खुद सत्तारूढ़ दल के विधायक विधानसभा में खुलकर बोल रहे हैं।

शनिवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में शेखावत ने गहलोत सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह सरकार अब तक की सबसे भ्रष्टतम सरकार है। कांग्रेस सरकार पिछले साढ़े चार साल में हर मोर्चे पर विफल है। इसने कोई वादा पूरा नहीं किया। साढ़े नौ हजार किसानों की जमीनें नीलाम हो गई, लेकिन इनका कर्जा माफ नहीं किया। युवाओं से किए वादों से भाग रही है। निरंतर पेपर लीक हो रहे हैं। माफिया का आतंक बढ़ा है। कांग्रेस सरकार तुष्टीकारण की नीति पर चल रही है। महिलाओं के प्रति अत्याचार बढ़ रहे हैं।

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि मुखिया का फोकस सुशासन के बजाय कुर्सी बनाए रखने में है। विधायकों ने जिस गति और जिस पैमाने से भ्रष्टाचार किया है, उससे यह सरकार अब तक की सबसे भ्रष्टतम सरकारों में से एक की श्रेणी में शामिल हो गई है। ये बात भाजपा ही नहीं कह रही, खुद कांग्रेस के विधायक और मंत्री का दर्जा प्राप्त विधायक सदन में खुलेआम सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार की बात कह रहे हैं। राजस्थान की जनता वर्तमान भ्रष्ट सरकार से आजिज आई हुई है। इस बार ऐतिहासिक बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।

जल जीवन मिशन भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा

शेखावत ने कहा कि प्रदेश में जल जीवन मिशन को सबसे ज्यादा बजट आवंटित हुआ था, लेकिन काम की गति में यह सरकार सबसे फिसड्डी है और नीचे के तीन राज्यों की श्रेणी में है। जल जीवन मिशन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। मीडिया में आए दिन जल जीवन मिशन की खबरें आती रहती हैं। इससे दुःख होता है। राज्य सरकार को इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान के एक करोड़ पांच लाख परिवारों को पानी पहुंचाना है।

केन्द्र ने राज्य के सारे प्रोजेक्ट मंजूर किए, लेकिन इसे पूरा करने की जिम्मेदारी राजस्थान सरकार की है। यहां की भौगोलिक स्थितियों की चुनौतियां भी हैं, विशेष रूप से जैसलमेर और बाड़मेर की, लेकिन अंतत: राज्य सरकार को पानी पहुंचाने का काम करना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश मे एक प्रतिशत से यात्रा शुरू की थी, आज वह 50 प्रतिशत तक पहुंच गया। राजस्थान में 12 प्रतिशत से यात्रा शुरू की थी, आज वह 40 प्रतिशत तक भी नहीं पहुंच पाया।

जल के क्षेत्र में सबसे ज्यादा निवेश

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत जल के क्षेत्र में सबसे ज्यादा निवेश करने वाला पहला देश है। इसमें 20 लाख करोड़ का निवेश किया गया है। भूगर्भ के जल के लेखा-जोखा रखने के लिए मैपिंग की है। भूजल के लिए अटल भूजल योजना है। बांध पुनर्वास योजना भी देश में विश्व की सबसे बड़ी योजना है।

विस्तारकों से किया संवाद

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने अपने निवास पर विस्तारकों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान के तहत जोधपुर शहर भाजपा के 12 मंडलों में बूथ समितियों पन्ना प्रमुख की सूचियों के सत्यापन पुनरीक्षण के लिए गोवा से विस्तारकों का दल जोधपुर प्रवास पर है। जोधपुर संभाग में तकरीबन 135 विस्तारक साथी सत्यापन का कार्य करेंगे।

गोवा से आए विस्तारकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भोपाल में मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के संबंध में चर्चा की और भोपाल प्रवास के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जी के ओजस्वी उद्बोधन और मार्गदर्शन से उनको बूथ पर काम करने की गाइडलाइन मिली। मनीष पुरोहित और आदित्य सिंह गहलोत ने विविध मंडलों में विस्तारकों द्वारा किए जा रहे सत्यापन के कार्य के विषय में जानकारी दी। इस दौरान जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा भी साथ रहे।

प्रबुद्ध जनों से की घर जाकर मुलाकात

शेखावत ने भाजपा के संपर्क से समर्थन अभियान के तहत प्रबुद्ध जनों के निवास स्थान पर जाकर मुलाकात की। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और संगठन के उद्देश्यों से रू-ब-रू कराया। जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा और मनीष पुरोहित के साथ शेखावत ने जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर के कमला नेहरू महिला महाविद्यालय की पूर्व निदेशक प्रोफेसर डॉ. कामिनी दिनेश, समाजसेवी देवीलाल दिनेश, बीएसएफ के सेवानिवृत्त डीआईजी नरपत सिंह, कर्नल कृष्ण वल्लभ ओझा, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के चेयरमैन हरजीत सिंह भूटानी, कस्टम विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी भगाराम मेघवाल, समाजसेवी भगवान सिंह भाटी सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिकों से मिले।

सभी को मोदी सरकार के कामकाज की बुकलेट भेंटकर की। शेखावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाल के विदेश दौरों के संबंध में भी अवगत कराया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों से भारत का वैश्विक स्तर पर कद और ऊंचा हुआ है। वहीं, जोधपुर प्रवास के दौरान केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने आमजन से भी मुलाकात कर समस्याओं को सुना और यथासंभव निराकरण का प्रयास किया। शेखावत शोक सभाओं में भी शमिल हुए।