सनातन धर्म में जल को देव का स्थान प्राप्त : गजेंद्र सिंह शेखावत

शाहपुरा के त्रिवेणी धाम में नव्य भव्य सरोवर का शुभारंभ कार्यक्रम
जयपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मंगलवार को खोजीपीठ त्रिवेणी धाम में नव्य भव्य सरोवर के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में जल को देव का स्थान प्राप्त है। यह सरोवर जल के संचय और उसके मितव्ययतापूर्ण उपयोग की भारतीय परंपरा को दर्शाता है। सरोवर में हरिद्वार से लाए गए गंगाजल के दो टैंकरों का जल भी मिलाया गया।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि त्रिवेणीधाम होने वाला हर कार्यक्रम बहुत बड़ा होता है। गुरुदेव नारायणदासजी महाराज ने शिक्षा व चिकित्सा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देकर त्रिवेणीधाम को बहुत बड़ा बना दिया है। यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का उनके श्रीचरण में सिर झुक जाता है। इससे पहले विद्वान पंडितों ने खोजीद्वाराचार्य रामरिछपालदासजी महाराज से सरोवरों की पूजा अर्चना करवाई। बाद में रामरिछपालदासजी महाराज, केंद्रीय मंत्री शेखावत व अन्य अतिथियों ने मंत्रोच्चार के साथ हरिद्वार से लाए गए गंगाजल को सरोवर में अर्पित किया गया। केंद्रीय मंत्री ने फीता खोल करके सरोवर का शुभारंभ किया।

समारोह में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि पवित्र और तपोभूमि त्रिवेणी धाम में गंगा दशमी के पवित्र पर्व पर सरोवर के शुभारंभ में गंगा जल अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। गंगा जैसी पवित्र नदी का स्वच्छता का कार्य कर विश्व में गंगा को श्रेष्ठ पवित्र नदियों में श्रेष्ठता प्राप्त करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि जीवन का आधार ही जल है। जल का संकट भारत के सामने बहुत बड़ी चुनौती है।

जल की आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है। जल की उपलब्धता को लेकर केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेंद्र सिंह और कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री डा. जितेंद्र सिंह और राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति रामसेवक दूबे ने भी विचार व्यक्त किए। रामरिछपालदासजी महाराज ने आशीर्वचन दिए और केंद्रीय मंत्री सहित सभी अतिथियों का साफा, शॉल व नारायणदासजी महाराज का चित्र भेंटकर सम्मान किया।

कानोता में सामूहिक विवाह सम्मेलन में लिया भाग

केंद्रीय मंत्री शेखावत कानोता में अखिल भारतीय हरियाणा गौड़ ब्राह्मण महासभा जयपुर द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल हुए और उपस्थित गणमान्य नागरिकों के समक्ष अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आयोजन की सराहना जितनी की जाए, उतनी कम होगी। महासभा के सदस्य समाज सेवा में भी सक्रिय रहते हैं। इससे पहले, दिल्ली से राजस्थान आते हुए शाहपुरा के रास्ते कोटपूतली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री शेखावत का जोरदार स्वागत किया। शेखावत ने कहा कि साथियों द्वारा मिले आत्मीय स्वागत से मन प्रसन्न हो गया। उन्होंने समस्त बंधुओं का आभार जताया।