पर्वतारोही अंजलि शर्मा ने रवांडा के सिविल इंजीनियर से की शादी, जीवन के नए अध्याय की शुरुआत

धर्मशाला। दुनिया की कुछ सबसे कठिन पर्वत चोटियों को फतह करने वाली भारतीय पर्वतारोही अंजलि शर्मा ने रवांडा के सिविल इंजीनियर से शादी कर जीवन के नए अध्याय की शुरूआत की है।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गमरू गांव की इस प्रसिद्ध पर्वतारोही ने रवांडा मूल के सिविल इंजीनियर य्वेस काज़ियुका के साथ धर्मशाला के आर्मी रेस्ट हाउस में एक भावपूर्ण समारोह में शादी कर ली। इस विवाह में गहरे प्रेम का भारतीय पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सुंदर मिश्रण देखने को मिला।

अंजलि और य्वेस की मुलाकात 2023 में मॉस्को में हुई थी, जहां दो वैश्विक यात्रियों के बीच एक साधारण दोस्ती धीरे-धीरे विश्वास, सम्मान और साझा सपनों पर आधारित एक मजबूत बंधन में बदल गयी। वर्तमान में संयुक्त राज्य अमेरिका में कार्यरत य्वेस ने भारतीय रीति-रिवाजों को पूरी ईमानदारी के साथ अपनाया है।

वर्ष 2009 में अपने पिता को खोने के बाद मां पुष्पा शर्मा के संरक्षण में अंजलि का जीवन दृढ़ता और शांत शक्ति की मिसाल रहा है। उनकी बहन मोनिका भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहीं। वह पेशे से वकील हैं।

अंजलि की पर्वतारोहण उपलब्धियां पहले ही इतिहास में दर्ज हो चुकी हैं। शादी के दौरान अंंजलि ने पारंपरिक गद्दी पोशाक और बाद में साड़ी पहनी थी। अंजलि को तंजानिया में माउंट किलिमंजारो और रूस में माउंट एल्ब्रुस की चोटियों को फतह कर दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने के लिए जाना जाता है।

इसके अलावा दियो टिब्बा से लेकर हनुमान टिब्बा और धौलाधार ऊंची चोटियों तक, हिमाचल की दुर्गम चोटियों पर उनके अनगिनत अभियानों में उनका साहस झलकता है। उनका विवाह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो सीमाओं और संस्कृतियों से परे प्रेम का उत्सव बन गया है।